हज यात्रा को लेकर अटकलों को विराम, सऊदी अरब सरकार ने किया बड़ा ऐलान

Tuesday, Jun 23, 2020 - 01:33 PM (IST)

दुबईः दुनियाभर में हज यात्रा को लेकर चल रही अटकलों को विराम लगाते हुए सऊदी अरब ने बड़ा ऐलान किया है । सऊदी अरब सरकार ने हज यात्रा से मात्र 5 सप्‍ताह पहले फैसला लिया है कि इस साल 'बहुत सीमित संख्‍या' में मुस्लिमों को हज करने की अनुमति दी जाएगी। सभी हज यात्री सऊदी अरब में रह रहे लोग ही होंगे व भारतीयों सहित सभी अंतरराष्‍ट्रीय हज यात्रियों को अनुमति नहीं दी जाएगी।

 

आमतौर पर दुनियाभर से हर साल हज यात्रा पर 20 लाख लोग शामिल होते हैं। इससे पहले ऐसी अटकलें चल रही थीं कि इस साल सऊदी अरब हज यात्रा को मंजूरी देगा या प्रतीक के तौर पर बहुत कम लोग हज करेंगे। माना जा रहा है कि दुनियाभर के मुस्लिमों की भावनाओं को देखते हुए सऊदी अरब सरकार ने यह फैसला इतनी देरी से लिया है। सऊदी अरब ने अपनी स्‍थापना के 90 साल के अंदर कभी भी हज यात्रा को रद्द नहीं किया है। सऊदी अरब के शाह का परिवार कई पीढ़ि‍यों से मक्‍का में आयोजित होने वाली हज यात्रा का संरक्षक है। सऊदी सरकार ने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से बहुत कम लोगों के साथ हज यात्रा कराने का फैसला लिया गया है।

 

सरकार ने कहा, 'यह फैसला जन स्‍वास्‍थ्‍य को देखते हुए हज को सुरक्षित तरीके से कराने के लिए लिया गया है।' सऊदी सरकार ने कहा है कि केवल सऊदी अरब में रह रहे दुनियाभर के लोगों को ही इस साल हज यात्रा की अनुमति दी जाएगी। हज यात्रा जुलाई से शुरू होने जा रही है। सरकार ने अभी यह नहीं बताया है कि कितने लोगों को हज यात्रा की अनुमति दी जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी प्रशासन इस साल बुजुर्ग हज यात्रियों पर प्रतिबंध और गंभीर स्वास्थ्य जांच सहित कई तरह के अन्य प्रतिबंधों पर भी विचार कर रहा है। सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था में हज और उमराह से होने वाली आमदनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

माना जा रहा है कि इस साल हज को स्थगित करने से सऊदी की अर्थव्यवस्था को तगड़ी चोट लगेगी। बता दें कि सऊदी अरब में भी कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। रविवार तक यहां संक्रमितों की संख्या 123,308 हो गई, जबकि 932 लोगों की मौत हुई है। सऊदी अरब में कोरोना का पहला मामला 2 मार्च को सामने आया था जिसके बाद अप्रैल और मई में इसकी रफ्तार काफी तेज हुई है।

Tanuja

Advertising