कोरोना से टकराता दिल्ली: देश का इकलौता राज्य जहां घट रहे हैं ऐक्टिव केस

Saturday, Jul 11, 2020 - 11:23 AM (IST)

नई दिल्ली: देश में कोरोना का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रही है। भारत में 24 घंटे में कोविड-19 के रिकॉर्ड 27,114 मामले आने के साथ संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 8.2 लाख हो गई है। वहीं मृतकों का आंकड़ा 22,123 तक पहुंच गया है। इसी बीच दिल्ली वालों के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में दिल्ली इकलौता ऐसा क्षेत्र है जहां पिछले एक हफ्ते से ऐक्टिव केसों की संख्या घट रही है। 3 जुलाई को दिल्ली में ऐक्टिव केस 26,304 थे जो 10 जुलाई की सुबह 18 प्रतिशत घटकर 21,567 पर आ गए। खास बात यह है कि इसी अवधि के दौरान राष्ट्रीय स्तर ऐक्टिव केसों की संख्या में 21.7 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। एक हफ्ते पहले के मुकाबले देश में ऐक्टिव केसों की संख्या में करीब 50 हजार की बढ़ोतरी हुई है। 

 देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में संक्रमितों का आंकड़ा 40 हजार के पार पहुंच गया है और अब तक 40,069 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2,022 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 28,147 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 33,700 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से 889 लोगों की मौत हुई है जबकि 21,787 मरीज ठीक हुए हैं। दक्षिण भारतीय राज्यों में कर्नाटक और तेलंगाना में कोरोना संक्रमण के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं।

कर्नाटक में 33,418 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 543 लोगों की इससे मौत हुई है। राज्य में 13,836 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। तेलंगाना में संक्रमितों की संख्या 32,224 हो गयी है और 339 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 19,205 लोग अब तक इस महामारी से ठीक हो चुके है। पश्चिम बंगाल में 27,109 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 880 लोगों की मौत हुई है और अब तक 17,348 लोग स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में तेज वृद्धि के कारण यह सर्वाधिक प्रभावित की सूची में राजस्थान से ऊपर आ गया है। राज्य में 25,422 लोग संक्रमित हुए हैं तथा मरने वालों की संख्या 292 हो गयी है। राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 23,174 हो गयी है और अब तक 497 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 17,620 लोग पूरी तरह ठीक हुए है।

हरियाणा में 19,934 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 290 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी से मध्य प्रदेश में 638, पंजाब में 187, जम्मू-कश्मीर में 159, बिहार में 119, ओडिशा में 56, उत्तराखंड में 46, केरल और असम में 27, झारखंड में 23, छत्तीसगढ़ और पुड्डुचेरी में 17, हिमाचल प्रदेश में 11, गोवा में नौ , चंडीगढ़ में सात, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में दो तथा त्रिपुरा और लद्दाख में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। ​​​​​​​

Anil dev

Advertising