देशभर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के आंकड़े, अस्पताल में लगी मरीजों की लाइनें, 100 से ज्यादा लोग संक्रमित
punjabkesari.in Friday, May 30, 2025 - 06:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ते नजर आ रहे हैं। अब तक 1000 से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र, झारखंड, कर्नाटक, केरल जैसे कई राज्यों में नए केस सामने आ रहे हैं। इस बीच कई राज्यों में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट कर दिया है।
Dehli-NCR में स्थिति
दिल्ली में अब तक 104 केस मिले हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 19 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और बाकी घर पर ही इलाज करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार पूरी तरह से तैयार है। अस्पतालों में दवाइयां, बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था कर ली गई है।
गुरुग्राम में भी कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को 3 नए केस मिले, और पिछले 10 दिन में कुल 16 मरीज मिले हैं। आज के मरीज सेक्टर-53, सेक्टर-24 और सेक्टर-83 से हैं।
नोएडा और मेरठ में क्या हाल है?
नोएडा में एक्टिव केस की संख्या अब 19 हो गई है, जिसमें 11 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रहा है। डॉक्टरों ने लोगों से मास्क पहनने, सैनिटाइज़र इस्तेमाल करने और भीड़भाड़ से दूर रहने की सलाह दी है।
मेरठ में भी एक नया केस मिला है। दिल्ली में पढ़ाई करने वाली 25 साल की एक लड़की कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उसे बुखार और पेट दर्द की शिकायत के बाद जांच की गई थी।
अन्य राज्यों की स्थिति
झारखंड में दो नए केस मिले हैं, जिससे वहां कुल संक्रमितों की संख्या 3 हो गई है। कर्नाटक में भी कोरोना की स्थिति चिंताजनक है। वहां कुल 126 एक्टिव केस हैं। बेलगावी जिले में कोरोना से एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। यह राज्य में हाल ही में हुई दूसरी मौत है। बुजुर्ग पहले से ही कई बीमारियों से पीड़ित थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हुई।