पुंछ में नशे के खिलाफ छापा मारने गई पुलिस टीम पर हमला, जवानों ने की हवाई फायरिंग

Friday, Jun 28, 2019 - 12:32 PM (IST)

पुंछ : नशा तस्करी के खिलाफ छापेमारी के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। यह हमला मेंढर के गुरसाई नाला गांव में किया गया। गांववाले पुलिस की रेड के खिलाफ प्रदर्शन पर उतर आए और टीम पर हमला कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप कर्मियों को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।


जानकारी के अनुसार पुलिस की एक टीम सिविल वर्दी में गांव में छापे के लिए पहुंची थी और तभी वहां पर उनकी झड़प हो गई। पुलिस वालों ने एक संदिग्ध को पकड़ा था पर गांववाले उसे छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे। बाद में गांववालों ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके क्षेत्र में आकर उन्हें परेशान कर रही थी। एसएसपी पुंछ रमेश अंगराल के अनुसार पुलिस ने संदिग्ध को ड्रग्स के साथ पकड़ा था और गांववाले उसे भगाने की कोशिश कर रहे थे कि तभी झड़पों के दौरान हवाई फायर करना पड़ा।
  
 

Monika Jamwal

Advertising