श्रावण में मांसाहारी भोजन मांगने पर विवाद, 30 वर्षीय बेटे की मौत; माता-पिता गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 02:09 AM (IST)

पुणेः पुणे में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को श्रावण महीने में मांसाहारी भोजन मांगने को लेकर हुए झगड़े के दौरान अपने 30 वर्षीय बेटे के सिर पर कथित तौर पर वार कर उसकी जान लेने के आरोप में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त सागर कवाडे ने बताया कि यह घटना 24 अगस्त को वारजे इलाके में हुई और मृतक की पहचान महेश भगवत गायकवाड़ के रूप में हुई है। 

उन्होंने बताया कि दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करने वाला महेश नियमित रूप से शराब पीता था और अपने माता-पिता भगवत गायकवाड़ (64) तथा पार्वती गायकवाड़ (60) से रोज झगड़ा करता था। महेश के भाई द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, वह 24 अगस्त की रात शराब के नशे में घर आया और उसने रात के खाने में मांसाहारी भोजन की मांग की। उसके पिता ने श्रावण मास का हवाला देते हुए मांसाहारी भोजन देने से इनकार कर दिया। 

शिकायत के अनुसार, इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई और भगवत ने अपने बेटे के सिर पर कथित तौर पर प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महेश की मां ने सबूत नष्ट करने में अपने पति की कथित तौर पर मदद की। अधिकारी ने बताया कि भगवत गायकवाड़ और उनकी पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep