गुजरात: मुख्यमंत्री के गृह जिले में कांग्रेस शासित स्थानीय निकाय में बगावत

Wednesday, Jul 25, 2018 - 11:53 AM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के गृह जिले राजकोट में स्थानीय निकाय जिला पंचायत में सत्तारूढ कांग्रेस के 22 सदस्यों के कथित बगावत से राज्य के इस मुख्य विपक्षी दल के सामने मुश्किल पैदा हो गयी है। 36 सदस्यों वाले जिला पंचायत में भाजपा के मात्र 2 और कांग्रेस के 34 सदस्य थे। कांग्रेस के 34 में से 22 सदस्य अब कथित तौर पर भाजपा का साथ देने के लिए भूमिगत हो गये हैं। वे 27 जुलाई को आमसभा की बैठक में उपस्थित होकर कांग्रेस की मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष अल्पाबेन अर्जुन खाटरिया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की भूमिका तैयार कर सकते हैं।  

भाजपा के जिला महामंत्री भानुभाई एल मेहता ने दावा किया कि 22 कांग्रेस सदस्य अब भाजपा के साथ हैं। इनमें से कई पाटीदार आंदोलन के दौरान कांग्रेस का दामन थामने से पहले भाजपा में ही थे। इसके अलावा इनमें कई ऐसे कोली समुदाय के सदस्य भी है जो अपने नेता कुंवरजी बावलिया के हाल में भाजपा में शामिल होने और राज्य सरकार में मंत्री बनाये जाने के कारण पार्टी में आ रहे हैं। 27 जुलाई को भाजपा पहले जिला पंचायत की 9 समितियों पर कब्जा जमायेगी और उसके बाद अविश्वास प्रस्ताव लायेगी और फिर सत्ता हासिल करेगी।  

उधर, राजकोट कांग्रेस अध्यक्ष हितेश वोरा ने कहा कि भाजपा का दावा सही नहीं है। कांग्रेस सत्ता में बनी रहेगी।  इस बीच बताया जा रहा है कि कांग्रेस के 22 बागी सदस्य एक साथ राजस्थान चले गये हैं और उनमें से अधिकतर के फोन भी बंद हैं। कांग्रेस के विधायक तथा पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के पूर्व नेता ललित वसोया की मौजूदगी में खाटरिया और कुल अन्य सदस्यों के साथ कल रात एक बैठक के बावजूद बागी सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाया। 

vasudha

Advertising