उत्तल पर्रिकर ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा-अलग रास्ते पर चल रही पार्टी

Thursday, Jul 11, 2019 - 07:31 PM (IST)

पणजीः गोवा में कांग्रेस के 10 विधायकों के भाजपा में शामिल किये जाने के कदम की सत्तारूढ़ पार्टी के अंदर ही कुछ लोग निंदा कर रहे हैं, जिनमें दिवंगत मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर्रिकर के पुत्र उत्पल भी शामिल हैं। इस घटनाक्रम पर निराशा जाहिर करते हुए उत्पल ने कहा कि जो कुछ भी हुआ है, वह निश्चित रूप से उनके पिता जो रास्ता अपनाते उससे बिल्कुल अलग है।

विश्वास जैसे शब्द खत्म हो गए
उत्पल ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘इस साल 17 मार्च को मेरे पिता का निधन हुआ और मैं जानता था कि उनके जाने के बाद उस रास्ते का भी अंत हो गया। हालांकि गोवावासियों को कल इस बारे में पता चल गया।'' कांग्रेस के 10 विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘17 मार्च को ही भाजपा में प्रतिबद्धता और विश्वास जैसे शब्दों के मायने खत्म हो गये।''

भाजपा नई दिशा में मुड़ चुकी है
पर्रिकर के निधन के बाद उत्पल विधानसभा उपचुनाव में अपनी पिता की सीट से भाजपा की टिकट के दावेदार थे हालांकि भाजपा ने उनके पिता की सीट से उन्हें नहीं उतारा। उत्पल ने कहा कि उनके पिता के निधन के बाद गोवा भाजपा अब ‘‘नयी दिशा'' में मुड़ चुकी है। बुधवार को गोवा में विधानसभा में विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर के नेतृत्व में कांग्रेस के 15 में से 10 विधायक पार्टी से अलग होकर भाजपा में शामिल हो गये, जिससे 40 सदस्यीय विधानसभा में अब सत्तारूढ़ पार्टी की संख्या बढ़कर 27 हो गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब ‘‘नयी दिशा'' में जा रही है और सिर्फ समय ही बतायेगा कि वह सही पथ पर है या नहीं।

उत्पल ने कहा कि वह भाजपा में ही बने रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्थन करेंगे। गोवा भाजपा के पूर्व प्रमुख राजेंद्र आर्लेकर ने भी कहा कि राज्य में मौजूदा राजनीति घटनाक्रम से वह भी व्यथित हैं। पणजी उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार सिद्धार्थ कुनकोलिंकर को हराने वाले अतानासियो मोंसेराटे के भाजपा में शामिल होने पर भी कुछ पार्टी नेताओं ने नाराजगी जतायी, जिन पर 2016 में एक नाबालिग से बलात्कार का आरोप है।

 

Yaspal

Advertising