कनॉट प्लेस के नामी रेस्टोरेंट की खुली पोल, महिला शौचालय में बनाए जाते थे VIDEO

Friday, Sep 28, 2018 - 12:03 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली: कनॉट प्लेस में मंगलवार रात एक रेस्टोरेंट के महिला शौचालय में हिडन कैमरा लगाने का मामला सामने आया है। मामले में वीरवार को दिल्ली पुलिस ने रेस्टोरेंट के उस सफाई कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने वहां कैमरा लगाया था। दिल्ली पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि बुधवार को मामला उनके संज्ञान में आया था। इसके बाद पुलिस ने मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कनॉट प्लेस स्थित उस रेस्टोरेंट में काम करने वाले सफाई कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। अगर रेस्टोरेंट के किसी और कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ  कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार रात सामने आया मामला
कनॉट प्लेस में पीवीआर के ऊपर स्थित रेस्टोरेंट में मंगलवार रात 9:30 बजे गाजियाबाद के कवि नगर व राज नगर के रहने वाले सात दंपती पार्टी करने आए थे। उन्होंने एक केबिन बुक कराया था। पार्टी के दौरान शौचालय गई एक महिला की नजर वहां रखे मोबाइल पर पड़ गई। उस मोबाइल के कैमरे में वीडियो रिकॉर्डिंग चालू थी। इसके बाद महिला ने मोबाइल की फोटो व वीडियो गैलरी चेक की तो उसके होश उड़ गए।

हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने की कार्रवाई
मंगलवार रात पुलिस को कॉल कर सूचना दी गई थी। पुलिसकर्मी रेस्टोरेंट में पहुंचे थे लेकिन बिना कोइ कार्रवाई किए वापस चले गए। बाद में हंगामे के बाद मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मी को महिलाओं ने वीडियो दिखा दिया, लेकिन उन्हें भी मोबाइल नहीं दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी का रवैया उन्हें ठीक नहीं लगा। इसके बाद विवेक विहार से भाजपा के निगम पार्षद संजय गोयल से शिकायत करने पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात की तब वे मौके पर पहुंचे। पुलिस पहले शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही थी। हालांकि, पुलिस ने अपनी तरफ से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वाट्सएप से साथियों को भेजता था अश्लील वीडियो
पीड़ित महिला को मोबाइल की जांच में पता चला कि आरोपी रेस्टोरेंट कर्मी शौचालय में महिलाओं की अश्लील वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर अपने साथियों को व्हाट्स एप से भेजता था। वह काफी समय से ये घिनौनी वारदात कर रहा था। उसके मोबाइल से कई महिलाओं की अश्लील वीडियो और फोटो बरामद हुई है। मोबाइल रखते वक्त सफाई कर्मचारी की तस्वीर भी कैद हो गई। महिला ने अपने साथ आए लोगों को पूर मामले से अवगत कराया। जिसके बाद महिला के साथ आए लोगों ने हंगाम कर दिया। हंगामे के बीच रेस़्टोरेंट स्टाफ ने आरोपी सफाइ कर्मी पीछे के रास्ते से भगा दिया था। महिला ने आरोपित का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। वीडियो लीक न हो इसके डर से महिला ने पुलिसकर्मियों को मोबाइल नहीं सौंपा है। हालांकि, महिला ने सूचना पाकर मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मियों को मोबाइल में रिकॉर्ड अपना व अन्य महिलाओं का अश्लील वीडियो दिखाया है। बुधवार को इस संबंध में महिलाओं ने नई दिल्ली जिला के आला अधिकारी को लिखित में शिकायत दी थी।
 

Anil dev

Advertising