केरल में गौ हत्या करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता ने किया बड़ा खुलासा

Tuesday, May 30, 2017 - 02:40 PM (IST)

नई दिल्ली: केरल में सरेआम बछड़ा काटने को लेकर पार्टी से निकाले गए कांग्रेस नेता रिजिल मुक्कुट्टी ने अपने सीनियर नेता को भी लपेटे में ले लिया है। रिजिल का दावा है कि उन्होंने यूथ कांग्रेस के राज्याध्यक्ष डीन कुरियाकोस को इस बात की जानकारी दी थी कि वो गोवध पर केंद्र के फैसले के खिलाफ बछड़े को काटने वाले हैं। उनके मुताबिक कुरियाकोस ने इस कार्यक्रम पर कोई ऐतराज नहीं जताया बल्कि वो चाहते थे कि हम मोदी सरकार के फैसले का पुरजोर विरोध करें। कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें सिर्फ मीडिया के जरिये ही अपनी बर्खास्तगी का पता चला है। अब तक हाईकमान से इस बारे में कोई आदेश नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि वो पार्टी का हर आदेश मानने को तैयार हैं और संघ परिवार के सांप्रदायिक एजेंडा के खिलाफ लड़ते रहेंगे। रिजिल के अनेसार बछड़ा काटने का कार्यक्रम सोच-समझकर कन्नूर में आयोजित किया गया था क्योंकि यहां पशुओं का कत्ल करने के लिए ज्यादा जगह मौजूद है। उनका आंदोलन मांस खाने की लोगों की आजादी के हक में था। दूसरी ओर यूथ कांग्रेस के राज्याध्यक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज किया है। कुरियाकोस ने कहा कि उन्होंने किसी भी नेता को विरोध प्रदर्शन के तरीके को लेकर निर्देश नहीं दिए थे।
 

Advertising