PM मोदी के सामने नहीं टिक पाएगी कांग्रेस, फिर सत्ता में लौटेगी भाजपा: उमा भारती

Sunday, Dec 09, 2018 - 01:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने क,हा कि मौजूदा समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है, न भाजपा में और न ही भारतीय राजनीति में। उन्होंने कहा कि हर सर्वेक्षण में सामने आया है कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है। अभी मोदी का विकल्प लम्बे समय तक नहीं है। उमा भारती के अनुसार अगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भाजपा का साथ देंगे तो दो मिनट में राम मंदिर बन जाएगा ।


पीएम मोदी का नहीं कोई विकल्प 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ विपक्षी दल असहिष्णुता का आरोप लगाते हैं लेकिन देश की राजनीति में सबसे अधिक सहिष्णुता का शिकार नरेन्द्र मोदी हुए हैं। छोटी सी घटना किसी ऐसे राज्य में ही घट जाए, जहां भाजपा सत्ता में भी नहीं है लेकिन फिर भी सवाल मोदी से पूछे जाते हैं। कहीं कोई छोटा कार्यकर्ता कोई बयान दे देता है और कटघरे में मोदी को खड़ा किया जाता है। पूरे समय विपक्ष मोदी पर प्रहार करने में ही लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस एक संगठन के रूप में खत्म होने की ओर है। इन दोनों राज्यों में कांग्रेस संगठन बेहद कमजोर है और भाजपा की वापसी तय है।     


कांग्रेस संगठन बेहद कमजोर
उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस सत्ता आधारित पार्टी है। पांच दस साल सत्ता से दूर रहना तो वह झेल लेती है लेकिन फिर उसका पतन शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रमण सिंह ने काफी मेहनत की है और मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह का लोगों से व्यक्तिगत जुड़ाव है। केंद्रीय मंत्री के अनुसार वसुंधरा राजे राजस्थान में फिर से सरकार बनाएंगी और राजस्थान में हर 5 साल में सरकार बदलने का चलन इस बार बदलेगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से राम मंदिर निर्माण में सहयोग देने की अपील की। 

राम मंदिर के निर्माण में अड़चन डाल रही कांग्रेस
भाजपा की वरिष्ठ नेता ने कहा कि खुद को शिवभक्त, जनेऊधारी, ब्राह्मण और कौल दत्तात्रेय गोत्र का बताने वाले राहुल गांधी से वह उम्मीद करती हैं कि वह मंदिर निर्माण के लिए पहल करेंगे और पूर्ण सहयोग की घोषणा करेंगे। उन्होंने साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस राम मंदिर के निर्माण में अड़चन डाल रही है और इस मुद्दे पर देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। उमा भारती ने साफ किया कि भाजपा ने राम मंदिर को कभी भी वोट लेने का मुद्दा नहीं माना। उन्होंने कहा कि राम पर हमारा कोई पेटेंट नहीं है, राम सबके हैं।

vasudha

Advertising