आंध्र प्रदेश में भी अकेली मैदान में उतरेगी कांग्रेस, अपने दम पर लड़ेगी विधानसभा-लोकसभा चुनाव

Thursday, Jan 24, 2019 - 01:48 PM (IST)

अमरावती: कांग्रेस ने कहा कि वह आंध्र प्रदेश में आगामी राज्य विधानसभा और लोकसभा दोनों के चुनाव अपने बूते लड़ेगी और सत्तारूढ़ तेलगू देशम पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने कहा कि हम सभी 175 विधानसभा सीटों और 25 लोकसभा सीटों पर अकेले लड़ेंगे। तेदेपा के साथ हमारा गठबंधन केवल राष्ट्रीय स्तर पर है, ऐसे में हम राज्य में गठबंधन (इसके साथ) नहीं करेंगे। यहां पीसीसी पदाधिकारियों की एक बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में चांडी ने कहा कि वे चुनाव की तैयारियों के बारे में चर्चा करने के लिए फिर 31 जनवरी को एकत्र होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य कांग्रेस ने फरवरी में सभी 13 जिलों में एक बस यात्रा निकालने का निर्णय किया है। चांडी ने प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश-पश्चिम की प्रभारी नियुक्त किये जाने का स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रियंका जैसी बुद्धिमान और साहसी नेता की राष्ट्रीय राजनीति में जरूरत है। देश भी चाहता है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें। एपीसीसी अध्यक्ष एन. रघुवीर रेड्डी ने कहा कि वे चुनावी गठबंधन का निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंध्र प्रदेश में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

Seema Sharma

Advertising