कांग्रेस का तंज : प्रधानमंत्री को आत्मसमर्पण का प्रमाणपत्र अमेरिका से मिला
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 01:55 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कांग्रेस ने भारत को रूस से तेल की खरीदने की ''अस्थायी रूप से अनुमति दिए जाने'' संबंधी अमेरिका के ताजा बयान को लेकर बुधवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए ''आत्मसमर्पण का प्रमाणपत्र'' है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत को समुद्र में पोत पर पहले से मौजूद रूसी तेल ''स्वीकार'' करने की ''अनुमति अस्थायी रूप से'' दी है और इस अल्पकालिक कदम से रूस को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं होगा।

उनकी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ''अमेरिकी वित्त मंत्री के बाद, अब राष्ट्रपति ट्रंप के प्रेस सचिव की बारी है कि वह प्रधानमंत्री मोदी को आत्मसमर्पण प्रमाणपत्र दें।'' उनके अनुसार, मोदी सरकार ने रूस से तेल के आयात को रोकने पर सहमति व्यक्त करके अच्छा व्यवहार किया है और एक इनाम के रूप में अब उसे 30 दिनों की अवधि के लिए ऐसा करने की अनुमति दी गई है। रमेश ने लेविट की टिप्पणियों का एक वीडियो क्लिप साझा किया।
