हादसों को लेकर कांग्रेस का BJP-शिवसेना पर निशाना, कहा-अब तक 242 निर्दोष नागरिकों की गई जान

Wednesday, Jul 03, 2019 - 10:30 AM (IST)

मुंबई: कांग्रेस ने मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई के कई इलाकों में जलजमाव होने को लेकर मंगलवार को भाजपा-शिवसेना गठबंधन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ये दोनों दल पिछले 25 वर्षों से बारिश के मौसम में देश की आर्थिक राजधानी को मझधार में छोड़ देते हैं।
वहीं कांग्रेस ने मुंबई में हादसों के दौरान कई निर्दोष लोगों की मौत पर भी भाजपा-शिवसेना पर निशाना साधा। कांग्रेस ने कहा कि पहली ही बारिश में मुंबई में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।

कांग्रेस ने पिछले 6 साल में इमारतें और दीवार ढहने के हादसों का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए भाजपा-शिवसेना से सवाल किया कि सत्ता में रहते हुए दोनों ने मुंबईकरों के लिए क्या किया। मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष चरणजीत सिंह सप्रा ने एक बयान में कहा कि मुंबई की पहली ही बारिश ने बीएमसी अधिकारियों और बिल्डरों की पोल खोल दी। बीएमसी शिवसेना के पास है और उसने क्या काम किया वो सबको नजर आ रहा है।

चरणजीत सिंह ने दावा किया है कि पिछले छह साल में मुंबई में इमारत गिरने, इमारत का कुछ हिस्सा गिरने, घरों और घरों के हिस्से ढहने, दीवार गिरने आदि की 2978 घटनाएं हुईं और इसमें 242 निर्दोष नागरिकों की जान गई और 819 लोग घायल हुए। सिंह ने कहा कि जब भी कोई इमारत या दीवार गिरने का हादसा होता है तो शिवसेना-भाजपा सरकार मृतकों को कुछ लाख रुपए का मुआवजा देकर अपनी जिम्मेदारी खत्म समझती है। उन्होंने कहा कि हादसों के बाद बिल्डरों के खिलाफ केस दर्ज होता है। कुछ समय बाद बिल्डर जमानत पर छूट जाते हैं। हादसों को रोकने के लिए भाजपा-शिवसेना पर इतने ही ठोस कदम उठाती है।

Seema Sharma

Advertising