ग्रामीण भारत में महंगाई, बेरोजगारी से भाजपा को चुनावों में और झटके लगेंगे: कांग्रेस

punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 11:44 AM (IST)

नई दिल्ली : कांग्रेस ने ग्रामीण भारत में महंगाई, बेरोजगारी और घटती आमदनी का दावा करते हुए बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इन मुद्दों के कारण आने वाले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को और झटके लगेंगे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि राजस्थान के हालिया पंचायती राज चुनावों में ग्रामीण भारत की पीड़ा और असंतोष देखने को मिला, जहां 'डबल इंजन' की सरकार को तगड़ा झटका लगा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भी महंगाई, बेरोजगारी और घटती आमदनी के चलते भाजपा को ऐसे और भी झटके लगेंगे। रमेश ने आरोप लगाया कि महंगाई से पूरा देश त्रस्त है, लेकिन ग्रामीण भारत पर इसकी मार कहीं अधिक पड़ रही है।

 उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं, आमदनी नहीं बढ़ रही और रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस नेता के मुताबिक, सीमित आय वाले ग्रामीण परिवारों की क्रयशक्ति शहरों की तुलना में और घट गई है। नमक, चीनी, दाल, मसाले, प्याज और सरसों के तेल जैसी बुनियादी खाद्य वस्तुओं के साथ-साथ रसोई गैस, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और यातायात पर होने वाला खर्च भी बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रुकी हुई आमदनी और लगातार बढ़ते खर्च के कारण आम परिवारों के सामने अपनी जरूरतों में कटौती करने या कर्ज लेकर घर चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। 

रमेश ने कहा कि महंगाई की सबसे अधिक मार उन समुदायों पर पड़ती है, जो पहले से सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े हैं। ऐसे परिवारों के पास न पर्याप्त बचत है, न नियमित रोजगार और न ही आर्थिक संकट से उबरने के पर्याप्त संसाधन। उन्होंने दावा किया, "ग्रामीण भारत इस स्थिति को लेकर गुस्से में है। राजस्थान के हालिया पंचायती राज चुनावों में इस पीड़ा और असंतोष का इज़हार भी देखने को मिला, जहां डबल इंजन की सरकार को तगड़ा झटका लगा। आने वाले चुनावों में भी महंगाई, बेरोज़गारी और घटती आमदनी के चलते भाजपा को ऐसे झटके और भी लगेंगे।" उन्होंने मनरेगा का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने ग्रामीण रोजगार की इस महत्वपूर्ण व्यवस्था को खत्म कर दिया है। कांग्रेस नेता ने इस बात पर जोर दिया कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों को कानून से मिला रोजगार का अधिकार और मुश्किल वक्त में आजीविका का महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News