प्रोक्सी वार-: 2019 के चुनाव से 14 महीने पहले ही कांग्रेस का सोशल मीडिया पर कैंपेन

Wednesday, Feb 07, 2018 - 09:16 AM (IST)

जालंधर(सोमनाथ कैंथ, राकेश बहल): लोकसभा चुनाव में अभी करीब 14 महीने बाकी हैं लेकिन कांग्रेस की तरफ से अभी से चुनावी बिसात बिछाई जाने लगी है।  रणनीति के तहत कांग्रेस की तरफ से अभी से सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए चेहरे के रूप में प्रचारित किया जाने लगा है। राहुल गांधी ने कुछ समय पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर पद संभाला है। पार्टी नेता इसको लेकर खुले तौर पर सामने आने से पहले 2018 में होने वाले विधानसभा चुनावों के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर कांग्रेस वालंटियर्ज और उसके समर्थक इस तरह के कैंपेन चलाकर जनता की नब्ज टटोलने लगे हैं। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनावों से एक साल पहले ही भाजपा ने 2013 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश करना शुरू कर दिया था। इसके बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एन.डी.ए. में कई सहयोगी दल शामिल हो गए थे। कांग्रेस ठीक उसी तर्ज पर अब राहुल के नाम को आगे बढ़ाने में जुटी है।


गठजोड़ का इंतजार
एक सीनियर कांग्रेस नेता का कहना है कि इसमें कोई शक नहीं है कि 2019 में राहुल पी.एम. कैंडिडेट होंगे, इसको लेकर जनता में भी उत्साह है। अभी इस बात का भी इंतजार है कि चुनाव से पहले यू.पी.ए. में शामिल दल किस तरह से व्यवहार करते हैं। कांग्रेस नेता का कहना है कि चुनाव से पहले उन्हें पी.एम. के फेस के तौर पर पेश किया जा सकता है।

कांग्रेस के सुर में सुर मिलाने लगी एन.सी.पी.
एन.सी.पी. के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर का कहना है कि बेशक मौजूदा समय में राहुल गांधी ही मोदी का विकल्प हैं और कांग्रेस की राय से मैं पूरी तरह सहमत हूं। गुजरात विधानसभा चुनाव और राजस्थान के उप-चुनाव के नतीजों से साफ  हो गया है कि राहुल गांधी में नेतृत्व करने की क्षमता है। जिस तरह से राहुल गांधी ने अपनी राजनीति से भाजपा को मात देनी शुरू की है उससे साफ  है कि 2019 के चुनाव में विपक्ष की तरफ  से मोदी के मुकाबले राहुल गांधी हो विकल्प होंगे। 

ऐसे टटोली जा रही जनता की नब्ज
कांग्रेस वालंटियर्ज फेसबुक पर इन दिनों राहुल गांधी ऐज नैक्स्ट पी.एम. ऑफ इंडिया, आर.जी. नैक्स्ट पी.एम. ऑफ इंडिया और  नैक्स्ट पी.एम. आर.जी. जैसे अनेक पेज चला रहे हैं। यही नहीं इन पर जो फीडबैक आ रही है उसको पार्टी तक पहुंचाने का काम भी कर रहे हैं। ऐसे कम से कम 20 पेज कांग्रेस पार्टी के समर्थक चला रहे हैं। इन पेज के जरिए राहुल गांधी के हक में हवा बनाने की कोशिश की जा रही है। इन पेजों को चला रहे लोगों से मिल रहे फीडबैक पार्टी की रणनीति बनाने वाली टीम को दिए जा रहे हैं। पार्टी नेता ने कहा कि इस साल कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान में होने वाले चुनावों को लेकर भी राहुल के पक्ष में हवा बनाने की कोशिश है। राहुल गांधी और दूसरे नेताओं के हैशटैग ‘बस एक साल और’ के साथ ट्वीट करने को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है जिससे माहौल बन सके कि मोदी सरकार जा रही है।

देश में 2 मॉडल
हाल ही में एक इंट्रव्यू में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुर्जेवाला ने कहा कि मोदी जी का विकल्प केवल राहुल जी हैं।  कांग्रेस और देश के लोग राहुल जी को देश का अगला प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं। एक सवाल के जवाब में सुर्जेवाला ने कहा कि इस समय 2 मॉडल हैं- एक ‘मोदी मॉडल’ जिसमें वह दिन में 6 बार कपड़े बदलते हैं, अपने कपड़ों की क्रीज भी खराब नहीं होने देते, अपनी वेशभूषा पर जितना समय लगाते हैं उतना समय शासन पर नहीं लगाते। दूसरा मॉडल है ‘राहुल गांधी’ का जो सादगी, सरलता और स्पष्टता पर आधारित हैं। राहुल गांधी राजनीति में अपनी बेबाकी, पारदर्शिता और ईमानदारी से मशहूर हुए हैं। वह कठोर निर्णय लेने से भी नहीं डरते। 

Advertising