कांग्रेस वोट के जरिए नहीं, बल्कि अराजकता के जरिए सत्ता परिवर्तन चाहती है: राजनाथ सिंह
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 08:04 PM (IST)
कलबुर्गीः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कांग्रेस और इसके नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपनी लगातार चुनावी हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए वे ''सड़कों पर हिंसा और अराजकता को बढ़ावा'' दे रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के गृह नगर कलबुर्गी में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र इतना कमजोर नहीं है कि सड़कों पर अराजकता फैलाकर सत्ता परिवर्तन किया जा सके।
संविधान की रक्षा का संकल्प लेने के लिए कलबुर्गी आने का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा, ''हम यहां देश में अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कांग्रेस की राजनीति के खिलाफ अपनी आवाज उठाने आए हैं।'' उन्होंने कहा कि राजनीति सत्ता हथियाने का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का साधन होनी चाहिए।
सिंह ने कहा, ''कांग्रेस वोट के जरिए नहीं, बल्कि हिंसा और अराजकता के जरिए सत्ता बदलना चाहती है। मैं राहुल गांधी को साफ तौर पर बता देना चाहता हूं कि भारतीय लोकतंत्र इतना कमज़ोर नहीं है कि सड़कों पर अराजकता फैलाकर सत्ता बदली जा सके।'' उन्होंने कांग्रेस पर भारतीय लोकतंत्र को निशाना बनाने के लिए विदेशियों को आमंत्रित करने का आरोप लगाया।
