दलितों पर अत्याचार चरम पर, मोदी चुनाव में व्यस्त: कांग्रेस

Saturday, May 05, 2018 - 07:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने आज आरोप लगाया कि देश में दलितों पर अत्याचार और उत्पीडऩ की घटनाएं चरम पर पहुंच गयी हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ओर ध्यान देने की बजाय कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। 

कांग्रेस के प्रवक्ता पी एल पूनिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि मध्यप्रदेश से हैरान करने वाली खबर आयी है। प्रशासन ने दलित समुदाय के लोगों से अपने घर में शादी की सूचना तीन दिन पहले पुलिस को देने के लिए कहा है। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह दलितों के लिए ही क्यों जरुरी है। पुलिस का कहना है कि इससे दलितों की सुरक्षा करने में मदद मिलेगी और गड़बड़ी करने वाले दोषियों को पकड़ा जा सकेगा। 

कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि अनुसूचित जाति- जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के संबंध में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद दलितों के उत्पीडऩ के बारे में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो रही है। देश में दो तरह के कानून चल रहे हैं। एक में आरोप के बाद गिरफ्तारी हो जाती है जबकि दूसरे में जांच और अनुमति के बाद ही गिरफ्तारी संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उच्चतम न्यायालय में दलितों का पक्ष सही तरीके से नहीं रख रही है हालांकि मोदी दलितों के उत्थान के लिये लंबी-चौड़ी बातें करते हैं। 
 

vasudha

Advertising