नोटिस पर कांग्रेस ने किया पलटवार, बोली- राहुल गांधी के सवालों से बौखलाई भाजपा, दिल्ली पुलिस के पीछे छिप रही

Thursday, Mar 16, 2023 - 10:31 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस ने राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस की ओर से उनके एक बयान को लेकर नोटिस जारी किये जाने के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष के सवालों से सरकार बौखला गई है और पुलिस के पीछे छिप रही है। पार्टी ने ट्वीट किया, "हम इस नोटिस का कानून के अनुसार उचित समय पर जवाब देंगे। यह नोटिस इस बात का सबूत है कि सरकार घबराई हुई है। यह नोटिस लोकतंत्र, महिला सशक्तिकरण, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विपक्ष की भूमिका को कमजोर करने का नवीनतम प्रयास भी है।"

राहुल गांधी के आवास के निकट पुलिसकर्मियों की मौजूदगी वाली तस्वीरें साझा करते हुए कांग्रेस ने दावा किया, "तस्वीरें गवाह हैं कि तानाशाह डरा हुआ है।" मुख्य विपक्षी दल ने आरोप लगाया, "अडाणी के साथ प्रधानमंत्री मोदी के रिश्ते पर राहुल गांधी के सवालों से बौखलाई सरकार पुलिस के पीछे छिप रही है। " कांग्रेस ने कहा, "भारत जोड़ो यात्रा के 45 दिन बाद राहुल गांधी जी को दिल्ली पुलिस ने नोटिस दिया है, जिसमें उन महिलाओं की जानकारी मांगी गई है जो उनसे मिलीं और खुद के उत्पीड़न के बारे में बात की।"

 

Yaspal

Advertising