मायावती के बयान के बाद डेमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस

Wednesday, Oct 03, 2018 - 07:03 PM (IST)

नेशनल डेस्कः बसपा प्रमुख मायावती ने आज कांग्रेस के साथ गठबंधन से साफ इंकार कर दिया। मायावती ने इसका ठीकरा मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर फोड़ा है। इसके बाद कांग्रेस ने उनके बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मायावती ने अपनी भावना वयक्त की हैं, जिसका हम आदर करते हैं। उन्होंने कहा कि मायावती ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस में अपना पूरा विश्वास जताया है। जिसका हम सम्मान करते हैं।



कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राहुल, सोनिया और मायावती तीनों मे सद्भाव है और कोई चौथा व्यक्ति बीच में नहीं आ सकता है। सूरजेवाला ने कहा कि अगर कपड़े में सलवटें हैं तो हम सद्भाव और प्रेम के साथ बैठकर उन्हें दूर कर लेंगे।



बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता की पहल पर पानी फेर दिया है। उन्होंने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि गठबंधन न होने के लिए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह जिम्मेदार हैं। उन्होंने दिग्विजय को भाजपा का एजेंट बताया। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी बसपा से गठबंधन करना चाहते थे।



मायावती ने दिग्विजय को भाजपा का एजेंट बताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व सोनिया गांधी बसपा से गठबंधन के पक्ष में है। लेकिन पार्टी के वरिष्ठ व स्वार्थी नेता ऐसा नहीं चाहते हैं। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने बयान दिया था कि बसपा मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस से इसलिए गठबंधन नहीं करना चाहती है। क्योंकि मायावती सीबीआई से डरती है, जिसका जवाब मायावती ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिया।

Yaspal

Advertising