किरेन रिजिजू पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- नेहरू पर ‘कपटपूर्ण लेखों'' के बजाय विधि प्रणाली पर ध्यान दें

Tuesday, Nov 15, 2022 - 04:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के संदर्भ में केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू के हालिया दावों को लेकर मंगलवार को उन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें नेहरू पर ‘कपटपूर्ण लेख' लिखने में समय बर्बाद करने की बजाय देश की विधि प्रणाली को दुरुस्त करने पर ध्यान देना चाहिए।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘मो-डिस्टॉर्टर (मौजूदा सरकार में तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने वाले) को खुश करने के लिए नेहरू पर कपटपूर्ण लेख ‘लिखने' में समय बर्बाद करने की बजाय कानून मंत्री किरेन रिजिजू को उस विधि प्रणाली को दुरुस्त करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए जो हत्या एवं सामूहिक बलात्कार के दोषियों को रिहा करती है।'' उन्होंने कहा कि रिजिजू को नेहरू को बदनाम करने की बजाय विधि व्यवस्था की इस स्थिति से ज्यादा व्यथित होना चाहिए।

कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कश्मीर मुद्दे को लेकर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू पर ताजा हमला बोलते हुये सोमवार को दावा किया था कि पाकिस्तानी हमले के बाद वह मामले को गलत अनुच्छेद के तहत संयुक्त राष्ट्र ले गये जिसने पड़ोसी देश को आक्रांता की जगह एक पक्षकार बना दिया। रिजिजू ने एक लेख में यह भी कहा था कि नेहरू ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा जनमत संग्रह के ‘‘मिथक'' को कायम रहने दिया और संविधान में ‘‘विभाजनकारी'' अनुच्छेद 370 को शामिल किया।

rajesh kumar

Advertising