BJP की करारी हार के बाद विपक्षी हुआ एक्टिव, राहुल ने की शरद पवार से मुलाकात

Thursday, Mar 15, 2018 - 03:08 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की है। ऐसा माना जा रहा है कि 2019 के आम चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ विपक्ष के संयुक्त मोर्चे के लिए प्रयासों को मजबूती देने के लिए यह मुलाकात हुई है। सूत्रों ने आज यह जानकारी दी। राहुल ने कल रात पवार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जबकि कांग्रेस का उत्तर प्रदेश एवं बिहार में हुए उपचुनाव में काफी खराब प्रदर्शन रहा है। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर एवं फूलपुर संसदीय क्षेत्र के लिए हुए उपचुनावों में भाजपा को भी पराजय का सामना करना पड़ा। पवार और राहुल की यह मुलाकात राकांपा प्रमुख के आवास पर हुई। 

विपक्ष की संयुक्त बैठक में ममता ले सकती है भाग
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार माना जाता है कि भाजपा के खिलाफ विपक्ष के संयुक्त मोर्चे को बनाने के बारे में प्रयासों पर विचार विमर्श किया गया। इस बैठक से एक दिन पहले ही संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विपक्षी नेताओं के लिए एक रात्रिभोज की मेजबानी की थी जिसमें कांग्रेस सहित 20 विपक्षी दलों ने शिरकत की। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जल्द ही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि पवार द्वारा 28 मार्च को बुलायी गई विपक्ष की संयुक्त बैठक में ममता भाग ले सकती हैं।

राहुल ने ट्वीट कर किया बसपा के संस्थापक को याद 
विपक्ष की एकता के प्रयास ऐसे समय में तेज हुए जबकि कल ही भाजपा को गोरखपुर एवं फूलपुर लोकसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें क्रमश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थीं। कांग्रेस इन दोनों सीटों पर खड़ी हुई थी और उसने बसपा के समर्थन वाले सपा उम्मीदवार का साथ नहीं दिया। किंतु कांग्रेस के दोनों उम्मीदवार अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। इस बीच, राहुल गांधी ने आज एक ट्वीट कर बसपा के संस्थापक को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘मान्यवर कांशीराम एक महान समाज सुधारक थे। दबी हुई सामाजिक शक्तियों को राजनीतिक और परिवर्तन की मुख्य धारा से जोडऩे के लिए उनके अथक संघर्षों ने भारतीय राजनीति पर एक अमिट छाप छोड़ी। उनकी जयंती पर सादर नमन।’’ 

Advertising