मोदी बुलेट ट्रेन पर बोलते हैं, रेप पर चुप रहते हैं: राहुल गांधी

Tuesday, Aug 07, 2018 - 04:32 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और बिहार तथा उत्तर प्रदेश के कुछ आश्रय गृहों में लड़कियों के बलात्कार की कथित घटनाओं पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बुलेट ट्रेन पर बोलते हैं, लेकिन वह बलात्कार पर नहीं बोलते हैं।  इन चार वर्षों में जो महिलाओं के साथ अत्याचार हुए वैसा पिछले 70 सालों में नहीं हुआ।कांग्रेसी नेता ने कहा कि उन्होंने पिछले चार सालों में महिलाओं के खिलाफ जो कुछ किया वह पिछले तीन हजार सालों में देश में नहीं हुआ। गांधी ने भाजपा के वैचारिक मार्गदर्शक आरएसएस पर भी कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि यह ‘‘पुरुषों का एकाधिकारवादी संगठन’’ है और इसमें महिलाओं शामिल नहीं हैं, इसलिए महिलाओं के लिए जो कांग्रेस कर सकती है वह आरएसएस नहीं कर सकता। गांधी ने महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने के लिए उनकी पार्टी का पूरा समर्थन देने का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार इसे लेकर नहीं आती है तो कांग्रेस सत्ता में आने के तुरंत बाद इसे लेकर आएगी। 

 उन्होंने कांग्रेस के भीतर महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें संगठन में आगे लेकर आने तथा एक न एक दिन राज्य या देश नेतृत्व देने की भी बात की।  उन्होंने एसआईसीसी की केन्द्रीय इकाइयों में और महिलाओं को शामिल करने का भी वादा किया और कहा, ‘‘देश को उनकी जरूरत है।’’  प्रधानमंत्री पर करारा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस द्वारा विभिन्न संस्थानों पर निशाना साधा जा रहा है और उन्होंने देश को ‘‘बर्बाद’’ कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर आगामी दिनों में उन्हें परास्त करेगी। सरकार के नारे ‘‘बेटी बचाओ, बेटी पढाओ’’ के संदर्भ में गांधी ने कहा कि असल में यह ‘‘भाजपा विधायकों से बेटियों को बचाओ’’ है। दरअसल गांधी बलात्कार के मामलों में आरोपी कुछ भाजपा नेताओं के परोक्ष संदर्भ में बात कर रहे थे। 

 गांधी ने यहां तालकटोरा स्टेडियम में ‘‘महिला अधिकार सम्मेलन’’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘देश में संस्थानों पर हमला हो रहा है, फिर चाहे संसद हो, विधानसभा हो या न्यायपालिका हो। अल्पसंख्यक, महिलाओं, आदिवासियों, छोटे कारोबारियों पर हमला हो रहा है। हम आने वाले दिनों में भाजपा से लड़ेंगे और उन्हें हराएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी और विपक्ष भाजपा की विचारधारा से लडऩे के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं। हम वैचारिक युद्ध लड़ रहे हैं।’’  गांधी ने कहा, ‘‘(उन्होंने) भारत को बदलने की बात कही थी, 70 सालों की बात की थी... उन्होंने पिछले चार सालों में महिलाओं के खिलाफ जो कुछ किया वह इस देश में, 70 साल तो छोडि़ए पिछले तीन हजार सालों में नहीं हुआ।’’      उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार के मुजफ्फरपुर में आश्रय गृहों में लड़कियों के बलात्कार के बीच, महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों पर मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। 


उन्होंने कहा,  महिलाओं पर जब भी अत्याचार होते हैं, वह नहीं बोलते।’’ गांधी ने कहा कि वह जब भी विदेश जाते हैं और नेताओं को गले लगाते हैं तो उनके पास इस सवाल का जवाब नहीं होता कि भारत में महिलाएं सुरक्षित क्यों नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार और कई अन्य राज्यों में महिलाओं का बलात्कार किया जा रहा है लेकिन प्रधानमंत्री चुप हैं। भाजपा, आरएसएस और कांग्रेस के बीच सबसे बड़ा अंतर महिलाओं के स्थान को लेकर है। बीते चार साल से लंबित महिला आरक्षण विधेयक के बारे में कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि भाजपा में इस मुद्दे पर प्रतिबद्धता की कमी है और उन्होंने भाजपा के वैचारिक मार्गदर्शक आरएसएस के उदाहरण का हवाला दिया और आरएसएस को ‘‘पुरुषों का एकाधिकारवादी संगठन’’ बताया। 


 

Anil dev

Advertising