छत्तीसगढ़ में बोले राहुल- अब भ्रष्टाचार पर क्यों नहीं बोलते PM मोदी

Wednesday, Nov 14, 2018 - 03:19 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में जनता की सरकार कायम करने का वादा किया और सत्तारूढ़ भाजपा पर 15 साल के कार्यकाल में राज्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया।  



राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जल, जंगल, खदान और खनिज के मामले में यह राज्य देश के संपन्न राज्यों में से एक है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के कारण लोग गरीब हैं। उन्होंने राज्य के साथ अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह संबंध प्यार का है, राजनीति का नहीं। 


कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि उद्योगों की स्थापना के लिए आदिवासी बहुल राज्य के इस हिस्से में स्थानीय लोगों की जमीन ले ली गयी। लेकिन जब उद्योग नहीं लगे तो जमीन लोगों को वापस नहीं की गयी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में जनता की सरकार कायम करेगी जो किसानों, छोटे और मध्यम कारोबारों को मजबूत करेगी और नौजवानों को रोजगार देगी। अगर कांग्रेस राज्य में सत्ता में आयी तो भूमि अधिग्रहण कानून लागू किया जाएगा और किसानों की कर्ज माफी के साथ उन्हें उनकी फसलों के लिए बोनस और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिए जाएंगे।     

रमन सिंह सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के बारे में एक शब्द तक नहीं कहा। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को इससे बहुत परेशानी हुई है। मैं गरीबों, किसानों और नौजवानों के लिए राजनीति करता हूं। मैं 10-15 उद्योगपतियों को नहीं बचाऊंगा। राज्य में विधानसभा की 90 सीटें हैं। दूसरे चरण में 72 सीटों के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा और मतगणना 11 दिसंबर को होगी। 

Anil dev

Advertising