बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस का खाली सिलिंडर के साथ प्रदर्शन

Monday, Mar 08, 2021 - 07:56 PM (IST)

साम्बा : जिले के रामगढ़ कस्बे में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। पूर्व मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रमन भल्ला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामगढ़ में तहसीलदार कार्यालय के समक्ष धरना दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस समेत अन्य महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान खाली रसोई गैस सिलिंडर के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। रमन भल्ला का कहना था कि महंगाई के कारण वर्तमान में महिलाएं उज्ज्वला योजना वाले सिलिंडर भी नहीं भरवा पा रही हैं। ऐसे में गांवों में महिलाओं को धुएं से परेशान होते हुए पुरातन तरीके से खाना बनाना पड़ रहा है।

 

रसोई गैस की कीमत कभी 500 रुपए से कम थी, जो अब 1000 रुपए के करीब पहुंच चुकी है। पेट्रोल 100 रुपए लीटर हो गया है। ऐसे में हर आम और खास आदमी बढ़ती महंगाई से त्रस्त है। लेकिन केंद्र में बैठी मोदी सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है जिस कारण लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा टैक्स पर टैक्स लगा कर गरीबों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोल, डीजल के बढ़ रहे दामों को तत्काल कम नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में केंद्र सरकार के खिलाफ गांव गांव जाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता बबल गुप्ता, संजीव शर्मा, रछपाल चौधरी, बीआर चौधरी, धर्मपाल, सरपंच तीर्थ राम, रघुवीर सिंह, लाली कुमार आदि मौजूद रहे। 
 

Monika Jamwal

Advertising