कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सिन्हा को राष्ट्रपति चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं, जताई ये उम्मीद

Tuesday, Jun 28, 2022 - 07:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को होने वाले चुनाव में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को शुभकामनाएं दीं हैं तथा विश्वास जताया कि निर्वाचित होने पर वह भय या भेदभाव के बिना अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे। सोनिया गांधी ने सिन्हा को 27 जून को पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं।
 

सोनिया गांधी ने शुभकामनाएं दीं
सिन्हा ने यह पत्र ट्विटर पर साझा किया और उनका आभार प्रकट किया। इस पत्र में सोनिया ने उन्हें उम्मीदवारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा यह विश्वास जताया कि निर्वाचित होने पर वह भय या भेदभाव के बिना अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे तथा संविधान के मूल विचारों को अक्षुण रखेंगे। सिन्हा ने कहा, ‘‘ मैं संप्रग की प्रमुख और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी का शुभकामनाओं के लिए आभार प्रकट करता हूं। यह लड़ाई भारत की आत्मा के लिए है और इस नेक काम में हम सब एकजुट हैं। जय हिंद।''

18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव
यशवंत सिन्हा ने सोमवार को राहुल गांधी और शरद पवार समेत 16 प्रमुख विपक्षी नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। विपक्षी दलों ने सिन्हा को 21 जून को अपना साझा उम्मीदवार घोषित किया था। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने पिछले सप्ताह शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया था। राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होना है। मतगणना 21 जुलाई को होगी। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। 

 

 

rajesh kumar

Advertising