नए श्रम कानून पर प्रियंका गांधी का PM मोदी पर हमला, कहा-  वाह री सरकार, आसान कर दिया अत्याचार

Thursday, Sep 24, 2020 - 12:36 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद में मंजूर किए गए तीन श्रम सुधार विधेयकों पर तंज कसते हुये इसे नौकरी पर कुठाराघात करार दिया।  वाड्रा ने गुरूवार को ट्वीट कर कहा इस कठिन समय की मांग है कि किसी की नौकरी न जाए। सबकी आजीविका सुरक्षित रहे। भाजपा सरकार की प्राथमिकता देखिए। भाजपा सरकार अब ऐसा कानून लाई है जिसमें कर्मचारियों को नौकरी से निकालना आसान हो गया है। उन्होने लिखा वाह री सरकार आसान कर दिया अत्याचार। 

वहीं पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार​ फिर अपनी भड़ास निकाली है। श्रम सुधार विधेयकों को राज्यसभा में मंजूरी मिलने के बाद उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि किसानों के बाद मजदूरों पर वार किया जा रहा है। राहुल गांधी ने वीरवार को ट्वीट कर लिखा कि किसानों के बाद मज़दूरों पर वार। गऱीबों का शोषण, मित्रों का पोषण यही है बस मोदी जी का शासन। दरअसल विपक्षी सांसदो के राज्यसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करने के बावजूद बुधवार को श्रम कानूनों से जुड़े तीन विधेयकों (राज्यसभा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य की स्थिति कोड 2020, औद्योगिक संबंध कोड 2020 और सामाजिक सुरक्षा पर कोड, 2020) को पारित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि राज्यसभा ने श्रमिकों के कल्याण और उनके अधिकारों को मजबूत करने वाले सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 और उपजीविकाजन्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता, विधेयक 2020 बुधवार को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इसके साथ इन तीन विधेयकों पर संसद की मुहर लग गयी। लोकसभा इन्हें पहले ही पारित कर चुकी है। 

Anil dev

Advertising