राष्ट्रीय रक्षा पर खर्च घटा रही है सरकार: मनीष तिवारी

Thursday, Aug 23, 2018 - 02:28 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर राष्ट्रीय रक्षा को लेकर लापरवाही बरतने तथा उसकी अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले चार साल से रक्षा खर्च लगातार घटाया जा रहा है।       

मोदी सरकार द्वारा रक्षा खर्च घटाने पर व्यक्त की गई चिंता
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संसद के मानसून सत्र में लोकसभा की प्राक्कलन समिति की रिपोर्ट में मोदी सरकार द्वारा रक्षा खर्च घटाने पर चिंता व्यक्त की गई है। उन्होंने कहा कि इस समिति के अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी है और इसके 30 सदस्यों में से 16 भाजपा के हैं। यह कोई कांग्रेस या विपक्षी दल का आरोप नहीं है बल्कि संसदीय समिति की रिपोर्ट रक्षा खरीद एवं उत्पादन पर खर्च में इसका उल्लेख किया गया है।

जीडीपी की तुलना में रक्षा पर हो रहा है सबसे कम खर्च 
तिवारी ने रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार सकल घरेलू उत्पाद की तुलना में रक्षा खर्च में लगातार कटौती कर रही है। वर्ष 2014-15 की तुलना में वर्ष 2017-18 तक रक्षा खर्च में 1.56 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 1962 के बाद जीडीपी की तुलना में रक्षा पर सबसे कम खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर सेना के आधुनिकीकरण और तैयारियों पर पड़ रहा है। मौजूदा हालात में भारत की रक्षा व्यवस्था पर इस कटौती का व्यापक असर होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार साल के दौरान दक्षिण एशिया में भारत की सामरिक स्थिति में गिरावट आई है।       

Anil dev

Advertising