कांग्रेस ने 2024 आम चुनावों के लिए 16 सदस्यों की मेनिफेस्टो कमेटी बनाई, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Dec 23, 2023 - 05:30 AM (IST)
नेशनल डेस्क : कांग्रेस ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार देर शाम मेनिफेस्टो कमेटी का गठन किया। पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता पी. चिदंबरम को घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। खास बात यह है कि इस समिति में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के भी 2 नेताओं को जगह मिली है। इन नेताओं को मेनिफेस्टो कमेटी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
नोएडा में आज से यातायात मार्गों में बदलाव किया जाएगा
गौतम बुद्ध नगर जिले में अति विशिष्ट व्यक्ति (वीआईपी) की यात्रा के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शनिवार शाम से रविवार दोपहर तक कुछ यातायात मार्गों में बदलाव किया जा सकता है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में ग्रेटर नोएडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
4 जातियों पर काम करें : PM मोदी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त होने के बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत की और पहले ही दिन आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों एवं लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के लिए आवश्यक भावी कार्यक्रमों की रुपरेखा तय करने के लिए मंथन किया। तकरीबन साढ़े चार घंटे तक चली इस मैराथन बैठक के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पूरे समय मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव को लेकर एक्शन मोड में कांग्रेस
तीन राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस एक्शन मोड में आ गई है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है। पार्टी ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को घोषणा पत्र समिति का गठन किया, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम करेंगे। इसमें महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव को इस 16 सदस्यीय समिति का संयोजक बनाया गया है।
स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई जाएगी भगवद् गीता
गुजरात के सरकारी स्कूलों में बच्चों को भगवद् गीता पढ़ाई जाएगी। कक्षा 6वीं से 8वीं के स्कूली बच्चों को भगवद् गीता का सार पढ़ाने का निर्णय लिया है। गुजरात के शिक्षा मंत्री कुबेर डिंडोर ने इसका पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया है। शुरूआत में सरकारी स्कूलों में भगवद् गीता का सिलेबस लागू होगा, बाद में प्राइवेट स्कूलों में भी लागू किया जाएगा। अगले साल से कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भी इसे अमल लाया जाएगा।
कोरोना के नए संक्रमण ने बढ़ाई टेंशन
देश में तेजी से फैल रहे कोरोना के नए वेरिएंड ने लोगों में एक बार फिर से डर का माहौल पैदा कर दिया है। बता दें कि ताज जानकारी के अनुसार, आज 8 मरीजों मेंकोरोना का JN.1 वैरिएंट मिला है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गठित INSACOG ने स्वास्थ्य मंत्रालय को एक रिपोर्ट दी है, जिसमें बताया गया है इस हफ्ते कोविड संक्रमित कुछ मरीजों में से 8 के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्टिंग की गई है। इसमें सभी लोगों में कोरोना का JN.1 वैरिएंट मिला है।
पंजाब समेत इन राज्यों में स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान
देश भर में शुरू हुई कड़कड़ाती ढंट के बीच स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए राहत की खबर है। पंजाब के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में बढ़ती सर्दी के कारण 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक छुट्टियां रहेगी। पंजाब सरकार ने आदेश जारी किए है। वहीं, इसके साथ ही झारखंड सरकार ने शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए फिलहाल कक्षा 1 से 9वीं और 11वीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है. ये स्कूल 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे। हालांकि 10वीं और 12वीं क्लासेस जारी रहेंगे।
संजय सिंह के बाद सिसोदिया भी जेल में मनाएंगे नया साल
दिल्ली शराब कांड में गिरफ्तार मनीष सिसोदिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सिसोदिया की न्यायिक हिरासत को 19 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया है। इस आदेश के बाद अब सिसोदिया जेल में ही न्यू ईयर मनाएंगे। इससे पहले कोर्ट ने संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 10 जनवरी के लिए बढ़ाई थी। विशेष न्यायाधीश एम.के. राउज एवेन्यू कोर्ट के नागपाल ने सिसौदिया के वकील को 15 जनवरी तक सीबीआई मुख्यालय में दस्तावेजों का निरीक्षण करने का समय भी दिया है।
दिल्ली शराब घोटाले में ED ने केजरीवाल को तीसरी बार जारी किया नोटिस
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीसरी बार समन भेजा है। ईडी ने केजरीवाल को दिल्ली शराब घोटाले में पूछताछ के लिए 3 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है। दिल्ली शराब घोटाले में ईडी पहले भी AAP नेता को दो बार समन जारी कर चुकी है। हालांकि, केजरीवाल ने नोटिस को यह कहकर खारिज कर दिया कि ये राजनीति से प्रेरित है। बता दें कि इससे पहले ईडी ने 30 अक्टूबर और फिर 18 दिसंबर को नोटिस जारी किया था। ईडी ने केजरीवाल को 19 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन केजरीवाल 19 दिसंबर को विपास्यना के लिए चले गए।
अयोध्या में श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले हुआ ट्रायल
अयोध्या में राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। यहां 17 जनवरी 2024 को कार्यक्रम की शुरूआत हो जाएगी। मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा से पहले हफ्ते भर तक अयोध्या में आयोजन चलेंगे। उससे पहले विभिन्न प्रोजेक्ट को पूरा करने की डेडलाइन फिक्स की गई है। इसी कड़ी में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण से पहले ट्रायल हुआ। रनवे पर एयरक्राफ्ट की लैंडिंग कराई गई। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या आ रहे हैं। पीएम मोदी श्री राम इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अयोध्या रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।
