विवादित बाबा नित्यानंद के साथ फोटो वायरल होने पर कांग्रेस नेता शिवकुमार ने दी सफाई

Friday, Nov 22, 2019 - 06:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने विवादों में घिरे बाबा नित्यानंद के साथ फोटो वायरल होने पर सफाई दी है। शिवकुमार ने कहा कि मैंने उनसे करीब क साल पहले कुछ मिनटों के लिए मुलाकात की थी। चुनाव के दौरान मैं उनके आश्रम गया था। हमारी कई अच्छे लोगों से मुलाकात हुई थी, वो भी हमारे निर्वाचन क्षेत्र में आते थे। मुझे उस व्यक्ति से जुड़े मामलों की कोई जानकारी नहीं है।

वहीं, गुरुवार को गुजरात पुलिस ने बताया कि नित्यानंद देश छोड़कर फरार हो गया है। नित्यानंद के खिलाफ बुधवार को अहमदाबाद में मामला दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि अपना आश्रम चलाने के लिए बच्चों का अपहरण कर उनसे श्रद्धालुओं से चंदा जुटाने के लिए मजबूर करता था।

पुलिस ने इस मामले में उसकी दो अनुयायियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, अहमदाबाद के बाहरी इलाके में हीरापुर गांव में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (पूर्व) के प्रिंसिपल हितेशपुरी को भी नित्यानंद को आश्रम के लिए जमीन देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

अहमदाबाद (ग्रामीण) के एसपी आरवी अंसारी ने बताया था कि नित्यानंद देश छोड़कर भाग गया है और जरूरत पड़ी तो गुजरात पुलिस उचित माध्यम के जरिए विदेश में उसकी हिरासत हासिल करेगी। कर्नाटक में अपने खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद नित्यानंद देश छोड़कर भाग गया है और उसे यहां ढूंढना समय की बर्बादी है। अगर वह भारत लौटता है तो हम उसे जरूर गिरफ्तार करेंगे।        

Yaspal

Advertising