''हमने कभी BJP के साथ समझौता नहीं किया'', नीतीश कुमार के बयान पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश का जवाब

punjabkesari.in Sunday, Feb 19, 2023 - 03:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राजनीतिक दल अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ से भी बड़ा बयान आया है। नीतीश कुमार ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस को आगे आना चाहिए और विपक्षी एकजुटता में देरी नहीं करनी चाहिए। नीतीश के इस बयान पर कांग्रेस की तरफ से जवाब दिया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमने ‘भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान समान विचार वाले दलों को आमंत्रित किया। ज्यादातर दल आए। संसद के सत्र के दौरान अडाणी समूह के मामले में विपक्षी दलों को साथ लिया।

 

वहीं जयराम रमेश ने कहा कि हम मानते हैं कि विपक्ष की एकता जरूरी है। लेकिन विपक्ष की एकता के लिए यात्रा नहीं निकाली गई थी, यह इसका परिणाम हो सकता है। अधिवेशन में इस पर विचार होगा। यह क्या रूप लेगा हम नहीं कह सकते।'' उन्होंने कहा, ‘‘नीतीश कुमार जी का बयान के हम स्वागत करते हैं क्योंकि उन्होंने माना है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा' का असर न सिर्फ कांग्रेस पर, बल्कि भारतीय राजनीति पर हुआ है। यह भारतीय राजनीति के लिए परिवर्तनकारी क्षण है, यह उन्होंने स्वीकारा है।''

 

रमेश ने कहा, ‘‘हम अपनी भूमिका अच्छी तरह जानते हैं। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने भाजपा के साथ कहीं भी समझौता नहीं किया है।'' उन्होंने किसी पार्टी का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘कई पार्टी हैं जो मल्लिकार्जुन खड़गे जी के साथ बैठक में आती हैं, लेकिन उनकी क्रिया सत्तापक्ष के साथ नजर आती है। हमारे दो चेहरे नहीं हैं। हम चाहते हैं कि अडाणी के मामले पर जेपीसी की जांच हो।'' कांग्रेस नेता ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘हमें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। कांग्रेस के बिना कोई भी विपक्षी एकता असफल होगी...मजबूत कांग्रेस के बिना मजबूत विपक्षी एकता असंभव है। चुनाव के पहले गठबंधन होना चाहिए, बाद में होना चाहिए, इस पर अधिवेशन में लोग अपना विचार रखेंगे।'' उन्होंने कहा कि 2024 से पहले कई राज्यों में चुनाव हैं जिन पर पार्टी को ध्यान देना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News