रूपानी के खिलाफ कांग्रेस ने मैदान में उतारा ‘धन कुबेर’

Monday, Nov 20, 2017 - 05:18 PM (IST)

राजकोट: गुजरात के मख्यमंत्री विजय रूपाणी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के ‘धन कुबेर’ उम्मीदवार इंद्रनील राज्यगुरु के पास कुल 141 करोड़ रुपए की संपत्ति है। रूपाणी और उनकी पत्नी के पास करीब सात करोड़ की चल अचल संपत्ति है। दोनों की ओर से आज राजकोट पश्चिम सीट पर नामांकन के दौरान दिये हलफनामे से संपत्ति का खुलासा हुआ है। राजकोट पूर्व सीट के निवर्तमान विधायक राज्यगुरु को पहले से ही गुजरात का दूसरा सबसे अमीर विधायक माना जाता था। 

अमीर विधायकों में से एक हैं इंद्रनील राज्यगुरु 
पिछले चुनाव के ब्यौरे के अनुसार उनके पास 122 करोड़ की संपत्ति थी और वह कांग्रेस के तत्कालीन विधायक (अब भाजपा में शामिल) बलवंत सिंह राजपूत (करीब 225 करोड़) के बाद दूसरे सबसे अमीर विधायक थे। उनके पास तो साढ़े पांच करोड़ से अधिक कीमत के 13 वाहन हैं जिनमें कई महंगे लग्जरी कारें हैं। दूसरी ओर रूपाणी तथा उनकी पत्नी अंजलिबेन रूपाणी के पास कुल करीब 7 करोड़ रुपए की चल अचल संपत्ति होने की बात उनके हलफनामे में कही गयी है। उनके पास तीन करोड़ 45 लाख तथा पत्नी के पास एक करोड़ 98 लाख की चल संपत्ति है जबकि अचल संपत्ति क्रमश: 55 और 82 लाख की है। राज्यगुरु ने नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि उनकी जो भी संपत्ति है सब सामने हैं जबकि रूपाणी के पास जो दिखती है उससे कई गुना गुपचुप संपत्ति है। रूपाणी राजकोट महानगपालिका तथा यूनिवर्सिटी घोटाले समेत भ्रष्टाचार के कई मामलों में संलिप्त रहे हैं।

Advertising