गुजरात चुनावः जेतली ने कहा- कांग्रेस-हार्दिक मिलकर लोगों के साथ धोखा दे रहे

Sunday, Nov 26, 2017 - 06:10 PM (IST)

नेशनल डेस्कः वित्त मंत्री अरुण जेतली ने कहा कि कांग्रेस और पटेल आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल के बीच आरक्षण के जिस फॉर्मूले पर सहमति बनी है वो संवैधानिक रूप से तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने दोनों पर इस मुद्दे को लेकर गुजरात के लोगों के साथा धोखा करने का आरोप लगाया।

गुजरात के लोग ऐसे ‘धोखे’ का शिकार नहीं होंगे
गुजरात के लिए बीजेपी के चुनाव प्रभारी जेटली ने अहमदाबाद में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि ऐसे हथकंडों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कांग्रेस की कोशिश गुजरात को अराजकता की स्थिति में ढकेल देगी। उन्होंने कहा कि पटेल समुदाय के लिए आरक्षण का फार्मूला कानूनी और संवैधानिक रूप से तर्कसंगत नहीं है। गुजरात के लोग समझदार हैं और वे ऐसे ‘धोखे’ का शिकार नहीं होंगे। किसी का नाम लिए बिना जेटली ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व अराजकतावादी ताकतों के जाल में फंस रहा है।

कांग्रेस सरकार के हर लेनदेन में बिचौलिए होते थे 
वहीं राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सवाल उठाने पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों के विपरीत लड़ाकू विमान सौदे में कोई ‘क्वात्रोची’ नहीं था। जेतली ने संवाददाताओं से कहा, ‘ये (राफेल सौदा) दो सरकारों के बीच की सीधी लेनदेन थी। ये कांग्रेस सरकारों की तरह नहीं था, जहां हर लेनदेन में बिचौलिए हुआ करते थे। इस लेनदेन में कोई क्वात्रोची नहीं था।’ उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना की मारक क्षमता में वृद्धि के लिए राफेल सौदा किया गया है।

राहुल को अपरिपक्व व्यवहार करना शोभा नहीं देता  
सईद को पाकिस्तान में रिहा किए जाने को लेकर राहुल गांधी के चुटकी लिए जाने पर जेतली ने कहा, ‘वे बड़े नेता हैं। इस तरह का अपरिपक्व व्यवहार और शब्दों का प्रयोग उन्हें शोभा नहीं देता।’ अरुण जेतली ने यहां पाकिस्तान को भी लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान ने 26/11 अटैक के बरसी के दो दिन पहले आतंकी हाफिज सईद की रिहाई की है तो इसे पुरी दुनिया देख रही है। पुरी दुनिया एक आवाज में बोल रही है कि जो देश आतंक का समर्थन करता हो, वो इस परिवार का हिस्सा नहीं हो सकता। पिछले 8 महीने से हाल ये है कि जो लश्कर का कमांडर बनेगा, वो ज्यादा दिन नहीं बचेगा।
 

Advertising