सिद्धू मूसेवाला की मौत पर कांग्रेस ने जताया शोक, कहा- कांग्रेस पार्टी और पूरे देश को गहरा दुख हुआ

Sunday, May 29, 2022 - 08:43 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मूसेवाला पर 30 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई। घटना के बाद मूसेवाला को गंभीर हालत में मानसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिद्धू मूसेवाला की मौत पर कांग्रेस ने ट्वीट कर दुख जताया है। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट कर कहा पंजाब से कांग्रेस प्रत्याशी और प्रतिभाशाली संगीतकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से कांग्रेस पार्टी और पूरे देश को गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार, प्रशंसकों और दोस्तों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। इस दुख में हम एकजुटता के साथ खड़े हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मूसेवाला की मौत पर शोक जताते हुए कहा, 'होनहार कांग्रेस नेता और प्रतिभाशाली कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। दुनिया भर में उनके चहेते और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।' कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा, 'सिद्धू मूसेवाला की दिन दहाड़े हत्या से गहरा सदमा लगा। पंजाब और दुनिया भर के पंजाबियों ने सबके दिलों से जुड़े ऐसा प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है जो लोगों की नब्ज को महसूस कर सकता था। उनके चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।' 

पंजाब सरकार ने एक दिन पहले ली थी सुरक्षा वापस
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद वीआईपी सुरक्षा में लगातार कटौती की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को मान सरकार ने सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती कर दी थी। सरकार ने उनकी सुरक्षा में लगे 8 सुरक्षाकर्मियों से घटाकर 2 गनर तक सीमित कर दिया था।

 

Yaspal

Advertising