चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, महाराष्ट्र की सीटों पर चर्चा की

Friday, Aug 30, 2019 - 05:13 AM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। वीरवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बनी स्क्रीनिंग कमेटी ने सीट वार चर्चा की। बताया गया कि करीब 288 सीटों पर चर्चा हुई। अगली बैठक 5 सितम्बर को होनी तय हुई है। वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोनिया गांधी से मिल कर पार्टी और चुनाव पर चर्चा की। 

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में बनी स्क्रीनिंग कमेटी की यह पहली बैठक थी। इसमें महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी मल्लिकार्जुन खडग़े, प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब थोराट और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक के बाद थोराट ने संवाददाताओं से कहा कि इस बैठक में राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों के संदर्भ में चर्चा हुई। अब 5 सितंबर को फिर बैठक होगी। 

सूत्रों का कहना है कि राकांपा और अन्य छोटे दलों के साथ सीट बंटवारे पर फैसला होने के बाद स्क्रीनिंग कमेटी कांग्रेस के खाते वाली सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के बारे में विचार करेगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस उन सीटों को हर हाल में अपने पास रखना चाहेगी, जहां वह मजबूत है और जीत पक्की मान कर चल रही है। हालांकि कई सीटों पर एनसीपी भी दावा कर सकती है। एनसीपी के अलावा कांग्रेस महाराष्ट्र में कई छोटे दलों को भी साथ लाने की कोशिश में है। सोनिया ने झारखंड, हरियाणा और दिल्ली चुनाव के लिए भी नेताओं को निर्देश दे दिया है। इसी कड़ी में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

सूत्रों की माने तो अगले सप्ताह दिल्ली कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। झारखंड में पार्टी ने नया अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति करने के साथ उन्हें चुनाव की तैयारियों में लगने को कहा है। हरियाणा को लेकर सोनिया अभी किसी फैसले पर नहीं पहुंच सकी हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की बीते दिनों हुई रैली को लेकर सोनिया नाखुश हैं। हालांकि वीरवार को हुड्डा ने सोनिया गांधी से मुलाकात कर अपनी स्थिति साफ कर दी है। हुड्डा राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। 

Pardeep

Advertising