ऑफ द रिकॉर्डः ‘कांग्रेस बिहार में जोरदार अभियान के बावजूद अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई’

punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2020 - 05:02 AM (IST)

नई दिल्लीः न केवल बिहार के विधानसभा चुनाव बल्कि जिन-जिन राज्यों में उपचुनाव हुए हैं, वहां भी कांग्रेस के बेहद खराब प्रदर्शन ने एक बार फिर पार्टी नेतृत्व की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार में 2015 में कांग्रेस 43 सीटों पर चुनाव लड़ी थी लेकिन 2020 के चुनाव में राहुल गांधी व उनके वार्ताकारों रणदीप सुर्जेवाला, शक्ति सिंह गोहिल व अविनाश पांडे ने तेजस्वी यादव से कड़ी सौदेबाजी करके 70 सीटें हासिल कर ली थीं। 
PunjabKesari
राहुल गांधी के जोरदार अभियान के बावजूद कांग्रेस बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और मात्र 19 सीटें ही जीत सकी। बिहार में चुनाव लडऩे वाले राजनीतिक दलों में कांग्रेस का यह प्रदर्शन सबसे बदतर है। कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं को इस बात ने निराश किया कि राहुल गांधी चुनाव प्रचार के बीच छुट्टी मनाने 1 नवम्बर को हिमाचल प्रदेश चले गए और फिर प्रचार के लिए प्रकट हो गए। उधर तेजस्वी ने कांग्रेस नेताओं को विनम्रता से बता दिया था कि वह राहुल गांधी के साथ चुनावी रैलियां करने के लिए समय नहीं दे सकेंगे क्योंकि वह अपनी पार्टी राजद की सीटों पर फोकस करना चाहते हैं। 
PunjabKesari
कांग्रेस के एक बड़े वर्ग का मानना है कि पार्टी ने शरद यादव की पुत्री सुहासिनी यादव और शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव जैसों को टिकट देकर शुरू में ही 20 सीटें खराब कर दीं। इसके अलावा उम्मीदवारों के चयन घोटाले को लेकर सदानंद सिंह और अखिलेश सिंह को पार्टी से बाहर करने का मामला भी सामने आया था। सदानंद सिंह अपने राजनीतिक रूप से कच्चे बेटे को जितवाने की इच्छा रखते थे लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। 

अखिलेश सिंह पर्दे के पीछे से जोड़-तोड़ के लिए जाने जाते हैं लेकिन उनका कोई जनाधार नहीं है। इस घटना का भी पार्टी पर असर पड़ा। सबसे हैरानी वाली बात यह रही कि जब चुनाव प्रचार अपनी पराकाष्ठा पर पहुंचा तो बिहार के कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल रहस्यमय ढंग से किनारे कर दिए गए और अंतत: कोविड होने पर उन्होंने खुद को क्वारंंटाइन कर लिया। 

हरियाणा, छत्तीसगढ़ व झारखंड को छोड़कर जहां भी उपचुनाव हुए, उन राज्यों में भी  कमोबेश यही हालत रही। इन तीन राज्यों में उम्मीदवार चुनने व चुनाव प्रचार का जिम्मा स्थानीय नेतृत्व पर डाल दिया गया था। पिछले शनिवार प्रियंका गांधी वाड्रा अपने बच्चों के साथ मसूरी में छुट्टियां मना रही थीं और वहां से वह जैसलमेर जाने वाली थीं। राहुल गांधी भी जैसलमेर पहुंचने वाले थे लेकिन उन्होंने वहां जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News