एनएसजी पर कांग्रेस ने साधा मोदी पर निशाना, कहा भारत के लिए शर्मनाक

Friday, Jun 24, 2016 - 08:12 PM (IST)

नई दिल्ली: परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) की सोल में हुई बैठक के दौरान भारत की सदस्यता के आवेदन पर कोई निर्णय नहीं किए जाने को कांग्रेस ने भारत के लिए शर्मनाक बताया है। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ये समझने की जरूरत है कि कूटनीति में गहराई और गंभीरता की आवश्यकता होती है, सार्वजनिक स्तर पर तमाशे की नहीं।

पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद शर्मा ने कहा, हमें नहीं पता कि एनएसजी सदस्यता के मुद्दे पर भारत ने अपनी हताशा क्यों जाहिर की और देश की तुलना पाकिस्तान से क्यों होने दी। उन्होंने कहा, पूरे विश्व ने देखा कि प्रधानमंत्री ने खुद को और भारत को तमाशा बना दिया। अब भारत को अनावश्यक रूप से शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि संबद्ध देशों को अपने पक्ष में करने के लिए मोदी सरकार द्वारा किया गया इतना अधिक प्रयास गैर-जरूरी था।

सोल में 48 सदस्यीय परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की पूर्ण बैठक शुक्रवार को समाप्त हो गई। इसमें भारत की सदस्यता के आवेदन पर कोई निर्णय नहीं किया जा सका क्योंकि परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं करने वाले देशों को सदस्यता देने पर मतभेद थे और चीन ने सदस्यता प्राप्त करने को लेकर भारत की मुहिम का विरोध करने वाले देशों का नेतृत्व किया।

Advertising