कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा का गौमूत्र और डेटॉल से किया 'शुद्धिकरण', डीके शिवकुमार ने किया था वादा

Monday, May 22, 2023 - 07:33 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कर्नाटक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विधान सौधा यानि राज्य की विधानसभा का शुद्धिकरण अनुष्ठान किया। सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं के एक समूह को एक पुजारी के साथ विधान सौधा के सामने डेटॉल और गौमूत्र से सफाई करते हुए देखा गया। नई विधानसभा के तीन दिवसीय सत्र की शुरूआत से पहले की जाने वाली रस्मों के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गौमूत्र छिड़क रहे थे।

विधानसभा परिसर के चारों ओर छिड़का गौमूत्र
समाचार एजेंसी एएनआई कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विधानसभा में गौमूत्र छिड़कते और पूजा करते हुए ट्विटर पर वीडियो शेयर किया है जिसमें देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता एक बाल्टी में गौमूत्र लिए हुए है। साथ ही अपने हाथों में इसे छिड़कने के लिए पूजा के लिए इस्तेमाल किए जाने वाली लकड़ी ले रखी है। कांग्रेस कार्यकर्ता बाल्टी में इस लकड़ी को डुबाते हैं और फिर परिसर में गौमूत्र छिड़कते हैं। यह काम कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे विधानसभा परिसर के चारों ओर करते हैं।


डीके शिवकुमार ने किया था वादा
बता दें कि बीजेपी पर भ्रष्टाचार से विधान सौधा को प्रदूषित करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आने के बाद विधान सौधा को गौमूत्र से शुद्ध करने का वादा किया था। हालांकि कार्यक्रम में कांग्रेस का कोई मंत्री या विधायक शामिल नहीं हुआ। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने जनवरी में कहा था कि वह सत्ता में आने के बाद विधान सौधा को डेटॉल और गौमूत्र से शुद्ध करेंगे।

BJP ने बताया 'सस्ती हरकत'
प्रतिभागियों में से एक ने बताया कि विधान सौधा को शुद्ध करने के लिए अनुष्ठान किया गया जिसे भाजपा की '40 प्रतिशत' सरकार ने प्रदूषित कर दिया था। उन्होंने कहा कि अनुष्ठान विधान सौधा से भ्रष्ट भाजपा सरकार को धोने का प्रतीक है। भाजपा ने इसे 'सस्ती हरकत' करार दिया। पार्टी के एक नेता ने कांग्रेस को पिछली सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच का आदेश देने की चुनौती दी।

 

Yaspal

Advertising