मुंबई की सड़कों के गड्ढे गिन रही कांग्रेस, शिवसेना-भाजपा के खिलाफ चलाया अभियान

Friday, Jul 13, 2018 - 03:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में इन दिनों भारी बारिश हो रही है। जिस कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। पानी भर जाने के कारण मुंबई की सड़कों में गड्ढे हो गए हैं। इसी समस्या पर सरकार का ध्यान लाने के लिए मुंबई कांग्रेस ने एक अभियान शुरू किया है। 

मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम ने शहर में सड़क के गड्ढे गिनने की मुहिम चलाई है ताकि इस मुद्दे पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की पोल खोली जा सके। कांगेस का आरोप है कि शिवसेना-भाजपा के नेतृत्व वाली बीएमसी सड़कों के गड्ढे भरने में पूरी तरह विफल रही है। यह गड्ढे शहर एवं उपनगर में चार लोगों के मौत का कारण बन चुके हैं। 

निरुपम एवं पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने‘ आओ गड्ढे गिनें ’ अभियान के तहत सायन उपनगर में गड्ढों के पास ड्रम और संगीत बजाये। कांग्रेस नेता ने कहा कि मुंबई में इस साल सड़कों के गड्ढों के चलते चार लोगों की मौत होने और पिछले कुछ वर्ष में हुए इस तरह के हादसों की पृष्ठभूमि में मैंने यह अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि वह लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे सड़कों के गड्ढों की फोटो खीचें और बीएमसी द्वारा उपलब्ध नंबरों पर उन्हें भेजें। निरुपम ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के विधानसभा में दिए गए बयान को लेकर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा था कि इस साल मुंबई में गड्ढों की संख्या में कमी आयी है।  

vasudha

Advertising