केरल: गाय काटने के आरोप पर कांग्रेस की सफाई, राहुल बोले-जो हुआ वो स्वीकार नहीं

Monday, May 29, 2017 - 09:17 AM (IST)

नई दिल्ली: केंद्र सरकार द्वारा वध के लिए पशुओं की बिक्री पर प्रतिबंध का खासा विरोध हो रहा है। इनमें सबसे मुखर प्रदर्शन केरल में किया जा रहा है, जहां की कांग्रेस ने केंद्र के इस कदम को फांसीवादी और संघीय ढांचे के खिलाफ बताया है। इतना ही नहीं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं का एक वीडियो भी सामने आया जिसमें वे कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाते हुए गाय को काट रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मसले पर कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि यह एक ऐसी घटना है जिसका समर्थन कोई नहीं कर सकता। राहुल ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा, "केरल में शनिवार को जो कुछ भी हुआ वह मूर्खतापूर्ण और बर्बर है। वह मुझे या कांग्रेस को कतई स्वीकार्य नहीं है।" इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि जो लोग ऐसा कर रहे हैं वो हमारी पार्टी से जुड़े हुए नहीं हैं।
 

पूरे मसले पर कांग्रेस की तरफ से बोलते हुए अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है, 'अगर किसी ने किसी कानून का उल्लंघन किया है तो उसको कानून के अनुसार डील किया जाएगा। कांग्रेस कभी उसका समर्थन नहीं करेगी लेकिन ये प्रमाणित होना भी जरूरी है कि जिसका वीडियो चल रहा है वो कांग्रेस से है भी कि नहीं। बता दें कि जिन लोगों ने गाय काटी वे पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारा लगाते हुए भी दिख रहे हैं। कुछ लोगों के हाथ में यूथ कांग्रेस का झंडा है। वीडियो पोस्ट करते हुए राजशेखरन ने आरोप लगाया है कि राज्य में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं ने सरेआम एक गाय की हत्या की है। दिल्ली बीजेपी नेता नुपूर शर्मा ने ट्वीट करके यह जानकारी दी है कि सार्वजनिक तौर से गाय काटने की इस घटना में शामिल रिजिल मकुलती कांग्रेस की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका है।

 

 

Advertising