कटियार के बयान पर कांग्रेस का वार, ‘वोट की चोट’ से जनता देगी जवाब

Wednesday, Jan 25, 2017 - 04:27 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने प्रियंका गांधी वाड्रा के बारे में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार की टिप्पणी को महिलाओं का अपमान करार देते हुए भाजपा नेतृत्व से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की आज मांग की। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट करके कहा ‘‘विनय कटियार की प्रियंकाजी के बारे की गई अभद्र टिप्पणी से भाजपा की देश की बहन-बेटियों के प्रति घटिया तथा अपमानजनक सोच सामने आई है। भाजपा नेता ने न केवल देश की महिलाओं का अपमान किया है बल्कि महिला विरोधी पूर्वाग्रह, ओछी तथा कुंठित मानसिकता को उजागर किया है।’’

भाजपा की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा आचरण, व्यवहार और इस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल के लिए उन्हें धिक्कारा जाना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देश की नारीशक्ति से माफ़ी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व में देश की महिलाओं के प्रति कारा भी सम्मान है तो कटियार के खलिाफ़ तत्काल सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि कटियार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो देश की महिलाएं पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में ‘वोट की चोट’ से ‘नारी विरोधी मोदी सरकार को सबक सिखाएंगी।  गौरतलब है कि  वाड्रा को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का स्टार प्रचारक बनाने संबंधी सवाल पर कटियार ने कहा था ‘‘उनके आने से क्या फर्क पड़ेगा। उनसे सुंदर भी कई महिलाएं हैं। जो स्टार प्रचाकर हैं, कई अभिनेत्री और कलाकार हैं।’’

Advertising