कांग्रेस का PM पर तंज, कहा- मोदी की रैली हुई ‘टांय-टांय फिस’

Wednesday, Jul 11, 2018 - 06:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब की किसान रैली को ‘टांय-टांय फिस’ करार दिया और दावा किया कि अब देश के किसान अब इस सरकार के ‘झांसे’ में नहीं आने वाले। पार्टी प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री के हमले पर पलटवार करते हुए अपनी रैली में ‘झूठ’ बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जुमलों के सरताज और झूठ के बादशाह प्रधानमंत्री मोदी की रैली टांय टांय फिस हो गई। उनकी रैली से किसानों ने किनारा कर लिया। जो भाड़े के लोग लाये गए थे उनमें भी प्रधानमंत्री उत्साह पैदा नहीं कर पाए।

पीएम ने किसानों को दिया झूठा दिलासा 
प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों को जुमले और झूठी दिलासा देने की कोशिश की है। एमएसपी पर प्रधानमंत्री ने जो कहा है वो सच्चाई से बहुत दूर है। वह ये बताना भूल गए कि उनकी सरकार में खेती पर लागत बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि मोदी जी संप्रग की योजनाओं को कॉपी पेस्ट करके नए तरीके से पेश करते हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री किसानों को बताएंगे कि अगर चार साल पहले लागत पर 50 फीसदी एमएसपी देते तो किसानों को दो लाख करोड़ रुपये का फायदा नहीं होता? क्या मोदी जी बताएंगे कि उनकी सरकार ने डीजल और यूरिया दाम कितने बढ़ाएं हैं?

अकाली दल पर साधा निशाना 
प्रियंका ने भाजपा और अकाली दल पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या पंजाब के किसान भूल सकते हैं कि अकाली दल-भाजपा की सरकार में किसानों की आय किस तरह से कम हुई थी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी जो कहते हैं वो करते नहीं है। किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन किसान उनके झांसे में नहीं आने वाले हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज की रैली में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 70 सालों में किसानों ने जिस पार्टी पर सबसे ज्यादा भरोसा किया उस पार्टी ने इस भरोसे का सम्मान नहीं किया।

vasudha

Advertising