आप के रिपोर्ट कार्ड पर कांग्रेस का हमला, कहा- काम हमारा, नाम तुम्हारा नहीं चलेगा

Friday, Dec 27, 2019 - 08:46 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अपनी सरकार के कार्यकाल के 10 सूत्रीय रिपोर्ट कार्ड को कांग्रेस ने झूठ का पुलिंदा करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं चुनाव प्रचार अभियान समति के अध्यक्ष कीर्ति आजाद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, कृष्णा तीरथ, महाबल मिश्रा, प्रवक्ता मुकेश शर्मा और कई पूर्व विधायकों के साथ संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल सरकार पर जमकर निशाना साधा।

चोपड़ा ने कहा इस सरकार की बुनियाद झूठ और धोखाधड़ी के साथ झूठे विग्यापनों पर टिकी हुई और जब चुनाव में थोड़ा समय बचा है तो अपने को बचाने के लिए मनगढ़ंत कहानियां गढ़कर लोगों को एक बार फिर लुभाने का प्रयास किया जा रहा है जो इस बार सफल नहीं होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में लोकपाल और स्वराज का नारा देकर आई और आज दोनों ही मुद्दों से पूरी तरह भाग चुकी है। यही नहीं कांग्रेस सरकार के दिए गए लोकायुक्त को भी बेअसर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को स्वच्छ पेयजल के नाम पर दूषित जल और प्रदूषित हवा की सौगात दी है। इसके परिणामस्वरुप पहले वह स्वयं खांसते थे और आज सारी दिल्ली खांस रही है।

उन्होंने केजरीवाल सरकार के रिपोर्ट कार्ड की धज्जियां उड़ाते हुए कहा कि उनकी पार्टी की यह जिम्मेदारी बनती है कि राजधानी के लोगों को सही तथ्यों से अवगत कराया जाये और इसलिए कांग्रेस तथ्यों पर आधारित असली रिपोर्ट सबके सामने लाई है। चोपड़ा ने आरोप लगाया कि दिल्ली के लोगों को रोजमरर के कामों के लिए रिश्वत देनी पड़ रही है और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। 

Yaspal

Advertising