कांग्रेस का गुस्सा मोदी पर नहीं बल्कि देश की जनता पर: भाजपा

Saturday, Dec 14, 2019 - 06:03 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर शनिवार को कटाक्ष किया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में उसका गुस्सा मोदी सरकार के प्रति नहीं बल्कि देश की जनता के प्रति ज़्यादा था जिसने बीते चुनाव में उसे फिर से विपक्ष का नेता बनाने लायक तक नहीं छोड़ा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने यहां कांग्रेस की भारत बचाओ रैली पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आम चुनाव के बाद दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की पहली रैली हुई है। इस रैली में कांग्रेस ने जो गुस्सा दिखाया है, वह गुस्सा मोदी सरकार के खिलाफ नहीं है। दरअसल वे देश की जनता से गुस्से का इजहार कर रहे थे क्योंकि चुनाव में देश की जनता ने उन्हें जिस प्रकार से निराश किया है, उसी से वे ऐसे गुस्से वाले बयान दे रहे हैं।

हुसैन ने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि वह किसी से नहीं डरती है। हमारा कहना है कि उसे देश की जनता से डरना चाहिए। दरअसल जनता ने ही उसके मन में डर पैदा कर दिया है कि नरेन्द्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बना दिया और कांग्रेस को विपक्ष का नेता बनाने लायक तक नहीं छोड़ा है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी का कहना है कि वह सावरकर नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सावरकर होने के लिए देश की खातिर जिस तरह मेहनत करने और कुर्बानी देने की जरूरत होती है, गांधी वह नहीं कर पाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि संशोधित नागरिकता कानून को लेकर कांग्रेस दुष्प्रचार कर रही है तथा पूर्वोत्तर के लोगों एवं मुसलमानों को भड़का रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ये कानून किसी की नागरिकता छीनने वाला नहीं है बल्कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान एवं बंगलादेश के धार्मिक प्रताड़ना के शिकार होकर आये भारत की शरण में आए लोगों को नागरिकता देने वाला कानून है। इसलिए कांग्रेस को लोगों को भड़काना बंद करना चाहिए।

 

Yaspal

Advertising