भाजपा में शामिल हुये पार्षदों पर सियासत गर्माई, कांग्रेस ने लगाए आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Oct 31, 2018 - 02:03 PM (IST)

कठुआ : भाजपा में हाल ही में शामिल हुए कांग्रेसी पार्षदों को लेकर कांग्रेसी नेता एडवोकेट अजात शत्रु शर्मा ने सवाल खड़े किए हैं। कठुआ में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए एडवोकेट शर्मा ने भाजपा की नैतिकता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि भाजपा को चाहिए था कि पहले इन पार्षदों से कांगे्रस पार्टी से इस्तीफा करवाते जिसके बाद इन्हें अपनी पार्टी में शामिल करते। पंरंतु ऐसा न कर भाजपा ने सिर्फ कुर्सी की खातिर एक षडयंत्र के साथ अपनी नैतिका को दाव पर रखकर यह सब किया है।

एडवोकेट अजातशत्रु शर्मा ने कहा कि गत दिवस जम्मू में कुछ कांग्रेस के पार्षदों ने भाजपा ज्वाइन की है। वहां पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैणा ने गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए कहा है कि कठुआ को कांग्रेस मुक्त कर दिया है। जबकि यह पूरी तरह से गलत है। कांग्रेस आज भी जिंदा है। उन्होंने कहा कि इन पार्षदों के हित में लोगों ने मतदान यह समझकर किया था कि वे कांग्रेस के सिपाही हैं। कई वार्डों में कांग्रेसी पार्षदों ने दिग्गज भाजपा नेताओं को हराया। परंतु अफसोस है कि चार पार्षद आज भाजपा में है। इसके पीछे क्या कारण थे, उसकी प्रदेश हाईकमान को जांच करवानी चाहिए। अगर उन्हें लग रहा है कि देश के प्रधानमंत्री के विकास का मंत्र काफी बेहतर है तो इन पार्षदों ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर खुद भाजपा के साथ चुनाव लडऩा चाहिए था। जबकि इन पार्षदों ने विश्वासघात करते हुए लोगों के साथ धोखा किया है।

जम्मू में इस ज्वाइनिंग के दौरान पत्रकारों के तीखे सवालों से यह पार्षद बचकर निकल गए। उन्होंने कहा कि यह गंभीर विषय है और प्रदेश हाईकमान कांग्रेस को जमीनी स्तर पर आकर इसकी जांच करनी होगी और लोगों, कार्यकर्ताओं की राय को जानना होगा। इस मौके पर रविंद्र सिंह, संदीप सिंह, रोशन कुमार आदि मौजूद रहे।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Monika Jamwal

Recommended News

Related News