कांग्रेस का आरोप मोदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को संकट में धकेला

Thursday, Feb 11, 2016 - 11:39 PM (IST)

नई दिल्ली: बंबई शेयर बाजार का सैंसेक्स का 807 अंक टूटकर 23,000 अंक के स्तर से नीचे आ गया। इस बीच, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्थव्यवस्था को संकट में धकेल दिया है। इसके साथ ही एक फोटो ट्वीटर पर अपलोड कर ट्वीट किया ‘अच्छे दिन तो कहीं दूर तक नजर नहीं आ रहें हैं यार ’।  

 
कांग्रेस ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की सरकार इस बात का उदाहरण है कि कैसे देश की अर्थव्यवस्था का प्रबंधन नहीं किया जाए। मोदी भारत में नई सुबह लाने का वादा कर सत्ता में आए थे और वह दुनियाभर में यह बताने के लिए घूमते रहे कि वह मसीहा हैं जो 21 वीं सदी में भारत की अगुवाई करेंगे।’’ 
 
कांग्रेस की वैबसाइट पर डाली गई कमेंटरी में कहा गया है कि कुछ समय के लिए लोग उनकी बातों में आ गए। सैंसेक्स में भी जोरदार उछाल आया। ‘‘21 महीने बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को संकट में धकेल दिया।’’ कांग्रेस ने कहा कि पहली बार भारत सरकार के जी.डी.पी. आंकड़े निकालने के तरीके पर सवालिया निशान लगाया जा रहा है। इससे दुनिया भर के अर्थशास्त्री अचंभित हैं। 
Advertising