2019 चुनाव: PM मोदी को मात देने के लिए राहुल का नया ''प्लान''

Tuesday, Oct 10, 2017 - 01:57 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने 2019 चुनाव की तैयारी जोरों शोरो से शुरू कर दी है। रिपोर्टस के मुताबिक, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक अमेरिकी फर्म की सेवाएं लेने जा रही है। इस विदेशी कंपनी का नाम कैंब्रिज ऐनालिटिका है। इससे पहले 2016 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शानदार जीत में इस कंपनी ने अहम भूमिका निभाई थी। 
कुछ इस तरह से कंपनी करती है रिसर्च
कैंब्रिज ऐनालिटिका नाम की यह कंपनी ये पता लगाने का काम करती हैं कि लोगों को क्या पसंद और नापसंद है, साथ ही लोगों के मुद्दे क्या हैं? इसकी मदद से नेता अपनी रणनीति तैयार कर सकतें है। इस विश्लेषण में ऑनलाइन सर्च, ईमेल और शॉपिंग वेबसाइट्स को भी खंगाला जाता है। इससे ये जानने में मदद मिलती है कि चुनाव में लोगों का एजेंडा क्या है?

2019 के लिए रणनीति तैयार
दुनियाभर की कई राजनीतिक पार्टियां आज कंपनी के संपर्क में हैं। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, कैंब्रिज ऐनालिटिका के सीईओ एलेक्जेंडर निक्स इस संदर्भ में राहुल गांधी से मुलाकात कर चुके हैं और 2019 के चुनाव के लिए अपनी रणनीति भी बता चुके हैं। निक्स ने राहुल को यह भी बताया कि किस तरह से मतदाताओं को ऑनलाइन रिझाया जा सकता है। रिपोर्टस के मुताबिक कैंब्रिज ऐनालिटिका ने कांग्रेस के लिए रोडमेप तैयार कर लिया है। माना जा रहा है कि 2019 के आम चुनाव से पहले  मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भी इसे आजमाया जा सकता है।

भाजपा ने किया था सोशल मीडिया का जमकर इस्तेमाल
2014 के लोकसभा चुनावों में भी भाजपा ने सोशल मीडिया का जमकर इस्तेमाल कर अपनी रणनीति तैयार की थी। भाजपा और खुद पीएम मोदी भी सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहते हैं। जिस वजह से लोगों के बीच दिन प्रतिदिन उनकी लोकप्रियता बढ़ी। सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर मोदी ने लोगों को बताया था कि वह कितने तकनीकि प्रेमी और प्रगतिशील है।

Advertising