वंशवाद पर टिप्पणी से नायडू ने साधा है कहीं और निशाना: मनीष तिवारी

Saturday, Sep 16, 2017 - 05:53 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने वंशवाद को लेकर उपराष्ट्रपति वेकैया नायडू की टिप्पणी पर आज कहा कि पार्टी को लगता है कि उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह के संबंध में यह टिप्पणी की है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि उन्हें लगता है कि ‘वंशवाद अच्छा नहीं’ टिप्पणी नायडू की ‘कहीं निगाहें, कहीं निशाना’ वाली कहावत को चरितार्थ करती है। 

भाजपा में ‘मोदी-शाह’ की जोड़ी की ही चल रही है और नायडू ने भाजपा नेता तथा सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए यह सब देखा है। इस जोड़ी की मनमानी के कारण भाजपा में उन्हें घुटन हो रही थी लेकिन पहले शायद वह अपनी इस घुटन को व्यक्त नहीं कर सके थे। नायडू ने यह टिप्पणी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की अमेरिका के कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में पिछले दिनों अपने भाषण में भारतीय राजनीति में वंशवाद को लेकर दिए गए बयान के बाद की है। 

गांधी ने कहा था कि भारत में कई राजनीतिक दलों में वंशवाद चल रहा है।  उपराष्ट्रपति ने एक पुस्तक के विमोचन के दौरान कल आयोजित कार्यक्रम में कहा था,‘वंशवाद पर बहस चल रही है। वंशवाद और लोकतंत्र साथ साथ नहीं चल सकते और इससे लोकतंत्र कमजोर होगा।’ उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह किसी राजनीतिक दल के संदर्भ में यह बात नहीं कह रहे हैं। 

Advertising