UNSC में भारत के शामिल होने पर अमेरिका ने दी बधाई, कहा- ''नया साल, नए मौके''

Tuesday, Jan 05, 2021 - 11:51 AM (IST)

नेशनल डेस्क: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् में भारत के अस्थायी रूप से शामिल होने पर अमेरिका ने बधाई देते हुए उसका स्वागत किया है। अमेरिका के विदेश मंत्रालय के ब्यूरो ऑफ साउथ एंड सेंट्रल एशियन अफेयर्स ने कहा कि वो भारत के साथ इंडिया-पैसिफिक मामले सहित कई दूसरे शांतिपूर्ण हितों पर काम करने को लेकर इच्छुक है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया कि 'पुराने दोस्तों और सहयोगियों के बीच के संबंधों को मजबूत करने के लिए एक नया साल, नए मौके लेकर आया है।' बता दें कि सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् में भारत का तिरंगा फहराया गया। भारत ने 2021-22 की अवधि के लिए आठवीं बार संयुक्त सुरक्षा राष्ट्र परिषद के अस्थायी सदस्य के तौर पर सदस्यता ली है। भारत अगस्त 2021 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् का अध्यक्ष होगा और फिर 2022 में एक महीने के लिए परिषद् की अध्यक्षता करेगा।

 

परिषद् का अध्यक्ष हर सदस्य एक महीने के लिए बनता है, जो देशों के अंग्रेजी वर्णमाला के नाम के अनुसार तय किया जाता है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी एस तिरूमूर्ति ने भारतीय तिरंगा लगाते हुए कहा कि भारत अपने कार्यकाल का उपयोग अंतर्राष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा से जुड़े मसलों का मानव-केंद्रित एवं समावेशी समाधान के लिए करेगा और वह विकासशील दुनिया की आवाज बनेगा। भारत के अलावा सुरक्षा परिषद में नार्वे, केन्या, आयरलैंड और मैक्सिको के झंडे लगाए गए। 
 

Seema Sharma

Advertising