Diwali Date: 20 या 21 अक्टूबर? दिवाली को लेकर दूर हुई कंफ्यूज़न, जानिए कौन सी है सही तारीख ?
punjabkesari.in Saturday, Oct 11, 2025 - 11:48 AM (IST)

नेशनल डेस्क : इस साल कार्तिक मास की अमावस्या तिथि दो दिन होने के कारण दीपावली की सही तारीख को लेकर काफी कंफ्यूज़न की स्थिति बनी हुई थी। अब यह स्थिति साफ हो गई है। वरिष्ठ ज्योतिषाचार्यों ने साफ किया है कि दीपावली का मुख्य पर्व 20 अक्टूबर, सोमवार को ही मनाया जाएगा, जबकि 21 अक्टूबर मंगलवार को केवल स्नान-दान की अमावस्या रहेगी।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. विनय कुमार के अनुसार दीपावली 20 अक्टूबर को मनाना ही श्रेष्ठ है। उन्होंने बताया कि अमावस्या तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 3:44 बजे शुरू होगी और यह अगले दिन (21 अक्टूबर) शाम 5:43 बजे तक रहेगी।
प्रदोष काल और निशीथ काल का महत्व
प्रो. विनय कुमार ने तिथि निर्धारण का कारण बताते हुए कहा कि दीपावली पर्व कोआधी रात के आस-पास पर्व माना जाता है और लक्ष्मी पूजन रात में किया जाता है। चूंकि 20 अक्टूबर को अमावस्या तिथि प्रदोष काल (सूर्यास्त के बाद का समय) और निशीथ काल दोनों में रहेगी, इसलिए इस दिन दीपावली मनाना शास्त्र सम्मत है।
इसके विपरीत 21 अक्टूबर को अमावस्या तिथि सूर्यास्त से पहले ही समाप्त हो जाएगी और प्रतिपदा तिथि लग जाएगी। इस कारण लक्ष्मी पूजन के लिए शुभ माना जाने वाला प्रदोष काल और रात्रि काल 21 अक्टूबर को अमावस्या तिथि से मुक्त रहेगा।
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित विजय दीक्षित ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि लक्ष्मी पूजन 20 अक्टूबर को ही श्रेष्ठ होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग कारखानों और प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों की उपस्थिति में सुबह पूजन करना चाहते हैं, वे 21 अक्टूबर की सुबह लक्ष्मी पूजन कर सकते हैं, क्योंकि उस दिन शाम तक अमावस्या तिथि रहेगी।
गोवर्धन पूजा और भाई दूज की तारीख
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 21 अक्टूबर को अमावस्या तिथि शाम तक रहने के कारण गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) का त्योहार 22 अक्टूबर को मनाया जाएगा, जिस दिन प्रतिपदा तिथि होगी। इसके बाद भाईदूज या यम द्वितीया (चित्रगुप्त पूजन) का त्योहार 23 अक्टूबर को मनाया जाएगा।