त्रिपुरा BJP में फिर घमासान, CM माणिक साहा के खिलाफ बिप्लब देब ने खोला मोर्चा, आलाकमान अलर्ट

Tuesday, May 23, 2023 - 12:21 AM (IST)

नेशनल डेस्कः मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोमवार को कहा कि त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एकजुट है और इस पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता है। इससे एक दिन पहले, पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने आरोप लगाया था कि ‘बाहरी' लोग पार्टी के मामले में हस्तक्षेप कर इसे कमजोर कर रहे हैं।

पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए साहा ने कहा, “ हम एकजुट हैं और इस पर कोई सवाल नहीं होगा। कभी-कभी परिवार में समस्याएं पैदा हो जाती हैं लेकिन उनका समाधान उसके 'अभिभावकों' द्वारा किया जाता है।” उन्होंने देब के बयान पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य देब ने रविवार को कहा था कि ‘‘बाहरी” लोग भाजपा के सांगठनिक मामलों में देखल दे रहे हैं और इसे कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस बात से पार्टी नेतृत्व को अवगत करा चुके हैं। उन्होंने कहा था, “ हम नरेन्द्र मोदी और जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी चलाएंगे। सरकार और संगठन को सही दिशा में काम करना चाहिए।” हालांकि उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं कहा कि उनका ‘बाहरी' होने का आरोप किस के लिए था। इसके बाद देब रविवार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से आई एक “अहम कॉल” के बाद दिल्ली चले गए थे और पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की अहम बैठक में शामिल नहीं हुए।

भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख राजीब भट्टाचार्य ने रविवार को कहा कि वह देब से बात करेंगे कि पार्टी को संभालने को लेकर क्या उन्हें कोई शिकायत है? देब की टिप्पणी के कुछ घंटे बाद भट्टाचार्य ने कहा, “बिप्लब दा और माणिक दा (मुख्यमंत्री माणिक साहा) हमारे नेता हैं... पार्टी में कोई परेशानी नहीं है। लेकिन अगर कोई परेशानी है तो हम उसे दूर करने की कोशिश करेंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य कार्यकारिणी की बैठक में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव और मोदी के प्रधानमंत्री बनने की नौवीं वर्षगांठ को लेकर पर चर्चा हुई।

Yaspal

Advertising